35 लाख कृषकों को सितंबर से मुख्यमंत्री कृषि योजना का लाभ: रघुवर

रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रविवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सितंबर 2019 से राज्य के 35 लाख किसानों को मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। आने वाले 3 महीनों के भीतर सरकार इन किसानों के खाते में डीबीटी के माध्यम से योजना की राशि उपलब्ध करा देगी। वे भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ ओरमांझी स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय पांचा परिसर में पौधरोपण करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार तत्पर है। झारखंड के किसानों को सरकार द्वारा 5 हजार करोड़ की राशि उनके विकास के लिए खर्च की करेगी। कहा कि सरकार की यह सोच है कि किसानों को खाद बीज कीटनाशक दवा आदि खरीदने के लिए दूसरों के पास हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पडे़, इस बाबत पीएम किसान योजना व मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना मिशन मोड में लाई गई है। सीएम ने कहा कि राज्य में वर्तमान सरकार के गठन के बाद से ही महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर रहा है। 2014 से अब तक राज्य में 1 लाख 90 हजार से भी अधिक सखी मंडल का गठन किया गया है। इन सखी मंडलों को रोजगार के विभिन्न आयामों से जोड़ने का प्रयास कर रोजगार उपलब्ध कराया गया। झारखंड देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां महिलाओं के नाम पर 50 लाख तक की संपत्ति का रजिस्ट्री मात्र 1 रु. की राशि फीस लेकर की जा रही है। इसका लाभ राज्य की लाखों महिलाओं ने लेकर खुद संपत्ति की मालकिन बनी हैं।

[URIS id=9499]

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में गठित सखी मंडलों के आर्थिक विकास के लिए सरकार द्वारा 500 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है। इस बड़ी राशि से इनके आर्थिक विकास को गति मिलेगी। राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है, कि आने वाले समय में आंगनबाड़ी केंद्रों में रेडी टू ईट का सप्लाई सखी मंडल की बहने ही करेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं का आर्थिक विकास करना सरकार का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं और नौजवानों को कौशल विकास के तहत प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ने का कार्य तेज गति से किया गया है। इनका सर्वांगीण विकास प्राथमिकता रही है। कार्यक्रम में झारखंड की कल्याण मंत्री डॉ लुईस मरांडी, शिक्षा मंत्री डॉ नीरा यादव, रांची लोकसभा के सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद समीर उरांव, विधायक राम कुमार पाहन, अनंत ओझा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More