गांव, गरीब, किसानों व युवाओं का बजट: संजय सेठ

रांची: राजधानी से भाजपा सांसद संजय सेठ ने रविवार को प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए कहा कि केंद्रीय सरकार द्वारा पेश किये गये बजट से झारखंड के विकास को गति मिलेगी। बजट गांव, गरीब, किसानों और युवाओं का है। पहली बार वित्त मंत्री ने भारतीय संस्कृति के अनुरूप लाल कपड़ों में मौली से बंधे बजट संसद में पेश कर एक नई परंपरा की शुरुआत की है।
सांसद सेठ ने कहा कि इस बजट से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सरकार ने महिला समूह को 1 लाख रु. देने की घोषणा की है, जिसका सीधा लाभ झारखंड को मिलेगा। इसका कारण यह है, कि सबसे ज्यादा महिला समूह झारखंड में बनाये गए हैं। इसके अलावे उद्योग के क्षेत्र में बढ़ोतरी होगी, स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा। छोटे दुकानदारों को रोजगार हेतु 1 करोड़ लोन देने की व्यवस्था की गई है। इन्हें 3000 पेंशन देने की योजना भी है। पेट्रोल- डीजल की खपत कम हो इसके लिए इलेक्ट्रिक वाहन पर सब्सीडी की घोषणा की गई है।
बजट में युवाओं की अच्छी शिक्षा प्राप्ति हेतु खास बल दिया गया है। इसके लिए विदेशों में ट्रेनिंग की व्यवस्था की गई है। सभी रेलवे स्टेशनों की आधुनीकीकरण करने की योजना बनाई गई है। टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए देश भर में 17 पर्यटन क्षेत्र चिन्हित किए गए हैं। इसके अलावे अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिहाज से कारगर कदम उठाये गये हैं। उन्होंने इस बजट को भारत को आगे ले जानेवाला बजट बताया।

[URIS id=9499]

 

मौके पर प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि चोर को एक संप्रदाय विशेष से जोड़कर विपक्ष खूब शोर मचाता है, परंतु बहुसंख्यक समुदाय के उपर हुए हमले पर मौन साध जाता है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ और सिर्फ तुष्टीकरण, वोट बैंक की राजनीति है। श्री शाहदेव ने कहा कि भाजपा अल्पसंख्यक बहुसंख्यक की राजनीति नहीं करती। यह सरकार सबका साथ- सबका विकास में विश्वास करती है। परंतु कानून को अपने हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने डोरंडा व मेन रोड में घटी घटना की कड़ी भत्र्सना करते हुए पुलिस प्रशासन से दोशियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की। प्रेस वार्ता में शिवपुजन पाठक मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More