जंगल में रहनेवाले लोगों को करेंगे बुनियादी सुविधाओं से लैस: मुख्यमंत्री

रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि जल- जंगल व जमीन हमें विरासत में मिला व भावी पीढ़ियों को भी हमें हरा- भरा प्रदेश ही देना है। उन्होंने कहा कि जन वन योजना के भी सकारात्मक परिणाम मिले हैं, लिहाजा सरकार जंगल में रहनेवाले लोगों की जिंदगी को बुनियादी सुविधाओं से लैस करेगी। उन्हें वन पट्टा दिया जा चुका है व बाकि सड़क,पानी व आम दिनचर्या की जरुरतों को पूर्ण किये जाने की जरुरतों की रिर्पोट डीएफओ से मंगाये कि कहां-कहां इसकी जरूरत है। सीएम शुक्रवार को अधिकारियोें संग झारखंड भवन में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक वनों को फिर से बढ़ाने का काम किया जा रहा है। इसी का नतीजा है कि साढ़े चार साल में 36,310 हेक्टेयर वन संवर्द्धन कार्य हुआ है। पहली बार बांस- बखार की सफाई का काम भी किया गया। इसके भी काफी अच्छे नतीजे आये हैं। वन क्षेत्र में बांस उगाकर वहां के स्थानीय निवासी अच्छी आमदनी कर सकेंगे। सीएम ने कहा कि साढ़े चार सालों में 69,750 हेक्टेयर वनभूमि पर पौधारोपण किया गया है। झारखंड में कुल भौगोलिक क्षेत्रफल में 33.21 प्रतिशत वन हो गये हैं। अब राज्य के 26,475 वर्ग किमी क्षेत्र में वन व वृक्ष हैं। झारखंड में करम वृक्ष की पूजा की जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पिछले वर्ष करम के पौधों का रोपन अभियान चलाया गया। इसमें पूरे राज्य में 60 हजार करम के पौधे लगाये गये हैं।
[URIS id=9499]


