संवादहीनता दूर करें, समन्वय बनाएं विभागः मुख्य सचिव

सभी विभाग यूजर फ्रेंडली बनाएं अपना पोर्टल
रांची: झारखंड में इज ऑफ डूइंग बिजनेस को और कारगर बनाने के लिए सरकार गंभीर है। मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी ने कहा है कि इज ऑफ डूइंग बिजनेस में सभी संबंधित विभाग थोड़ी- थोड़ी मेहनत कर बड़ी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं। इसके लिए पहली जरूरत यह है कि सभी विभाग सिंगल विंडो सिस्टम से अपने पोर्टल को जोड़े। साथ ही पोर्टल को यूजर फ्रेंडली बनाएं। इससे राज्य में निवेश करने वाले तथा उद्योग- धंधा खड़ा करनेवालों को सुविधा होगी व इस बाबत 15 दिन बाद दूसरी बैठक हो। मुख्य सचिव आज झारखंड मंत्रालय में बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान 2019 के मसौदे पर संबंधित विभागों के सचिवों के साथ बैठक कर रहे थे।
मुख्य सचिव ने इज ऑफ डूइंग विजनेस को और कारगर बनाने के लिए एकीकृत कॉल सेंटर बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अभी कई विभागों के अपने कॉल सेंटर हैं, लेकिन एकीकृत कॉल सेंटर होने से उपभोक्ताओं को एक नंबर पर कॉल कर सारी सुविधाएं मिलने लगेंगी। विभाग अपनी जरूरत के अनुसार उस कॉल सेंटर में सीट रखेंगे। कहा कि इज ऑफ डूइंग बिजनेस का महत्व तभी है, जब हम मामलों का समयबद्ध निबटारा करें। इसके लिए उन्होंने मनोवृति में बदलाव पर जोर देते हुए निर्देश दिया कि इसे केंद्र में रखते हुए क्षेत्रीय और जिला स्तर के अधिकारियों की कार्यशाला आयोजित करें। उन्होंने कहा कि जरूरत चीजों को आसान बनाने की है, न कि इंस्पेक्टर बनने की।
[URIS id=9499]

