रांची: मंगलवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव 72 वर्ष के हो गये। उनके गिने- चुने चहेतों ने बिल्कुल शांत माहौल में रिम्स पेइंग वार्ड के बाहर केक काटकर हैपी बर्थ डे टू यू कहा। लालू यादव के अतिप्रिय इरफान अंसारी ने 4 पाउंड का केक काटकर उनके लंबी उम्र की कामना की। डॉक्टर डीके झा की सलाह पर उनके शुगर को देखते हुए केक का छोटा टुकड़ा चखाया गया।
इरफान ने बताया कि लालू के निर्देश पर राजद कार्यकर्ताओं ने रिम्स परिसर व आसपास के गरीबों के बीच में मिठाईयों का वितरण किया। गौरतलब है कि शुगर, ब्लडप्रेशर, किडनी, हर्ट सहित कई प्रकार की गंभीर बीमारियों से लालू जूझ रहे हैं। वे रांची के बिरसा मुंडा जेल में चारा घोटाले में सजा काट रहे हैं। जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स में भर्ती कराया गया है। पार्टी नेता सुरेंद्र यादव ने कहा कि लालू यादव ने समाज के अंतिम व्यक्ति को आगे लाने का काम किया है।
[URIS id=9499]
इस बीच सभी ने सामूहिक सुर से लालू के जल्द सेहतमंद होने व जेल से छूटने की मनौती मांगी, कहा कि न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। बिहार के वैशाली से आए समर्थक केदार यादव ने कहा कि कम से कम आज के दिन तो हम लोगों को लालू जी से मुलाकात करने का मौका दिया जाता तो अच्छा रहता। साथ ही राज्य सरकार से मांग की कि लालू यादव से मुलाकात करने दिया जाए।
खास बात ये है कि इससे पूर्व लालू अपना जन्मदिन बेहतरीन तरीके से मनाते रहे हैं, लेकिन इस बार जहां लोकसभा चुनावों में मिली करारी हार से आहत हैं, तो दूसरी ओर जेल में बंद होने की टीस भी है। गंभीर बीमारियों ने भी पस्त कर रखा है। लंबे समय तक राजनीति में गहरी छाप छोड़ने वाले लालू जेल की सलाखों से बाहर आ सकेंगे या नहीं, ये देखने वाली बात होगी। ये भी गंभीर सवाल है कि यदि आ भी गये तो राजनीति में पुराना सिक्का चल पाएगा या नही। बहरहाल जहां तक जन्मदिन का सवाल है तो स्कूल के प्रमाणपत्र में उनकी जन्मतिथि 11 जून 1948 दर्ज है, इसलिए आज के दि नही जन्मदिन मनाते हैं। वैसे कहते हैं कि घर में किसी को पता नही, कि मेरा जन्म वास्तव में किस दिन हुआ था।