गांवों को भी शहरों की तर्ज पर संवारेंगे: रघुवर

स्टेट ब्यूरो: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि सरकार का प्राथमिक लक्ष्य अब गांवों को शहर की तर्ज पर न सिर्फ विकसित किया जाएगा, बल्कि संवारा भी जाएगा। इसी बाबत 14वें वित्त आयोग से प्राप्त राशि से गांव में स्ट्रीट लाइट, पेबर ब्लॉक व पेयजल की सुविधा मुहैया करायी जाएगी। सीएम ने कहा, कि हर मुखिया अपने-अपने गांव के विकास को लेकर मुस्तैद होकर तेजी से आगे बढ़ाये।
सीएम ने कहा कि गांव में स्ट्रीट लाइट लगने से देर रात तक लोग अपना व्यापार कर सकेंगे, आवागमन में सुविधा होगी। गर्मी में पानी की जरूरत पूरी हो सकेगी व कच्ची सड़कों पर पेबर ब्लॉक लगने से गंदगी भी कम होगी। लिहाजा हमारे गांव और भी सुंदर होंगे। सीएम मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में मुखिया संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कर रहे थे। कहा कि जिन योजनाओं की स्वीकृति मिल चुकी है, उनपर तत्काल काम शुरू कर दें। अगले तीन-चार माह गांव की तस्वीर बदली हुई दिखेगी। बैठक में मुखिया संघ के आग्रह पर लाभूक समिति को पांच लाख रुपये तक राशि की योजना स्वीकृत करने का अधिकार देने पर सहमति बनी। अभी लाभुक समिति को 2.50 लाख रुपये की योजना की स्वीकृति का अधिकार है।
[URIS id=8357]

