स्टेट ब्यूरो: झारखंड सहित देशभर में रविवार को लोकसभा चुनाव को लेकर मतदान संपन्न हो गया व अब लोगों की निगाह 23 मई को घोषित होनेवाले रिजल्ट पर जा टिकी है। आखिरी पड़ाव के तहत प्रदेश में संपन्न तीन सीटों पर मतदान के बाद सीएम रघुवर दास ने दावा किया कि एक बार फिर से केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनेगी और तीन सौ से ज्यादा सीटें प्राप्त होंगी। अबकी बार, चार सौ के पार के नारे को लेकर पूछे गये सवाल के जवाब में सीएम रघुवर दास ने कहा कि लक्ष्य सदैव बड़ा रखना चाहिए। [URIS id=8357]
महागठबंधन की बैठक नेता चुनने के लिए: सोनिया गांधी द्वारा महागठबंधन दलों की बैठक बुलाने पर पूछे प्रश्न के जवाब में श्री दास ने कहा कि यह नेता विपक्ष के चयन को लेकर बुलाई गई हैं, क्यों कि अभी तक उनके नेता का चयन ही नहीं हुआ है। दास ने कहा कि महागठबंधन की नकारात्मक राजनीति को देश की जनता ने नकार दिया है, इस चुनाव में विपक्ष की मंशा कामयाब नहीं हो पायी। कहा कि यह चुनाव विकास व राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर लड़ा गया है। देश के पीएम ने दुनिया को ये बताने में सफलता हासिल की है, कि यदि कोई हमें नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेगा तो उसके घर में घुसकर करारा जवाब दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि अब लोगों को विकास पसंद है, लिहाजा मोदी जनता की पंसद हैं। इसका जवाब 23 मई को आनेवाले परिणाम में जगजाहिर हो जाएगा।