बिजली व्यवस्था चौपट, सीएम जवाबदेह: आलोक

- चुनाव बाद बिजली विभाग में तालाबंदी करेगी कांग्रेस
रांची: प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा है कि राजधानी रांची की चौपट बिजली व्यवस्था से आम जनजीवन त्रस्त हो गया है और अधिकारी किसी की कुछ भी सुनने को तैयार नहीं। हाल यह है कि यदि किसी मुहल्ले में लोकल फाल्ट हो जाए तो उसे ठीक करने में सात से आठ घंटे का वक्त लग जा रहा है। श्री दूबे ने इसके लिये सीधे तौर पर मुख्यमंत्री रघुवर दास को दोषी बताया है। कहा, कि सरकार और विद्युत विभाग के गैर जिम्मेदाराना आचरण की वजह से रांची सहित पूरा प्रदेश भीषण संकट के दौर से गुजर रहा है। इसलिये कांग्रेस अब निर्वाध विद्युत आपूर्ति को लेकर आंदोलन का रास्ता अख्त्यिार करने जा रही है। चुनाव बाद 20 मई से इसका आगाज बिजली विभाग में तालांबदी व घेराव के साथ होगा।
श्री दूबे ने कहा कि हमारे पास अब जेल जाने के अलावा दूसरा कोई रास्ता नहीं बचा है। कहा कि सीएम ने 2017 व 2018 में कहा था, कि अगर चौबीस घंटे बिजली आपूर्ति नही हुई, तो वोट मांगने नहीं जाएंगे। अब फिर कह रहे हैं कि जुलाई 2019 से पूरे झारखंड के हर शहर, हर गांव के लोगों को चौबीस घंटे बिजली मिलनी शुरु हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी दावा किया कि बोकारो संपूर्ण विद्युतीकृत जिला हो गया। सच तो यह है कि हमारे मुख्यमंत्री सरासर झूठे और फरेबी हैं, जिसे इस राज्य का बच्चा- बच्चा समझ चुका है। भीषण गर्मी की वजह से लोग त्राहिमाम कर रहे हैं, लोगों का जीवन बेहाल हो गया है, बिजली की कमी के कारण बच्चे और महिलाऐं बिमार हो रहे हैं, रोजेदार लू की चपेट में आ रहे हैं, पेयजल की भारी किल्लत हो रही है और सरकार मजे मार रही है।
[URIS id=8357]

