-भाजपा की चुनाव आयोग से मांग
रांची: भाजपा ने राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त के नाम भेजे एक पत्र के माध्यम से एक धर्म विशेष के धार्मिक स्थलों के बाहर स्पेशल ऑब्जर्वर व वीडियो कैमरा सहित संयुक्त लोगों को तैनात करने की मांग की है। शनिवार को बीजेपी के चुनाव संपर्क विभाग के संयोजक शिव कुमार शर्मा ने इलेक्शन कमिशन को पत्र भेजा है। इसमें आरोप लगाया गया है कि पार्टी के पास ऐसी सूचनाएं मिली हैं कि खूंटी सहित अन्य जिलों में एक धर्म विशेष के द्वारा रविवार को प्रार्थना सभा के समय एक पार्टी के पक्ष में सहयोग करने का फरमान जारी किया गया है।
श्री शर्मा ने कहा कि यह चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। इसके अलावे कोई भी पवित्र स्थान जहां पूजा व धार्मिक कार्य संपन्न होते हैं तो उस परिसर का इस्तेमाल चुनाव प्रचार या किसी पार्टी के पक्ष में मतदान हेतु नहीं किया जाएगा। इसे लेकर जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 स्पष्ट व्याख्या करता है। चुनाव आयोग ने हैंडबुक फॉर कैंडिडेट में भी इस जिक्र किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि पार्टी के पास इस तरह की सूचनाएं पहुंच रही थी, कि खास प्रार्थना सभाओं के माध्यम से चुनाव में एक खास दल को वोट करने के लिए धार्मिक गुरू लोगों को प्रेरित कर रहे हैं।