-राजधानी में बसंती का जलवा
स्टेट ब्यूरो: झारखंड की राजधानी में आज फिल्म शोले की बसंती का चाबुक विरोधियों पर जमकर बरसा। ड्रीम गर्ल हेमामालिनी ने जनता से भाजपा के पक्ष में वोटिंग करने की अपील के अलावे पीएम मोदी को भी अप्रत्याशित शक्ति देने का आहवान किया, वैसी शक्ति जिससे विरोधी थर-थर कांपने लगे। चुटिया मैदान में आहूत जनसभा में हेमामालिनी ने भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के समर्थन में मत मांगे, कहा कि आप संजय सेठ को जिताएंगे तो मोदी जी जीतेंगे।
हेमा ने कहा कि भाजपा से मेरा लगाव काफी पुराना है, क्योंकि ये जनता की पार्टी है। यह किसी खास वर्ग, जाति का समर्थन नही करती है। मोदी जी द्वारा किये गये विगत पांच साल के कार्य के जितना कोई भी नही कर सका। उन्होंने पूर्व की यूपीए सरकार को भी निशाने पर लेते हुये कहा कि कांग्रेस के समय में अर्थव्यवस्था चरमरायी हुई थी व गरीबी का ग्राफ बढ़ता जा रहा था। बेरोजगारी चरम पर थी, इसके बाावजूद आज हालात बदल चुके हैं। देश दिनोदिन आगे जा रहा है। विश्व पटल पर मोदी जी का सम्मान काफी बढ़ा है। इस मौके पर उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा चलाये जा रहे कई स्कीम की चर्चा की।
महागठबंधन पर तंज करते हुए हेमा ने कहा, कि विपक्ष सिर्फ मोदी को हटाने के लिए गठबंधन बना रहा है। विपक्ष डर चुका है, जो हमारे पीएम की ताकत का अहसास कराता है। उन्होंने आतंकवाद को लेकर सरकार के स्तर से उठाए गए कड़े कदमों का भी जिक्र किया। मुंबई हमले की चर्चा करते हुए कहा कि तब अटैक हुआ और कांग्रेस की सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया, लेकिन आज पुलवामा हमले के 13 दिनों के अंदर सरकार ने ईंट का जवाब पत्थर से दिया है। कहा कि मोदी जी ने सेना को ताकत दी है, ताकि वो सर्जिकल स्ट्राइक कर सके। जनसभा को भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ व नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने भी संबोधित किया।