रांची: राजधानी के धुर्वा थाना क्षेत्र के धुर्वा डैम के पास मंगलवार सुबह एक युवती की लाश बरामद की गई है। समाचार लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नही हो सकी थी। बताया जा रहा है कि युवती की उम्र लगभग 22 वर्ष है। प्रथम दृष्टया पुलस को शक है कि युवती के सिर पर गोली मारकर हत्या की गई है। पूरे प्रकरण को लेकर पुलिस पड़ताल में जुट गई है।
गौरतलब हो कि शव को आज सुबह लोगों ने माॅर्निंक वाॅक के क्रम में देखा व तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुँची पुलिस के अनुसार युवती के सिर के पास खून बिखरा हुआ था और उसके सिर पर गोली के निशान मिले हैं। इस बाबत हटिया डीएसपी प्रभात रंजन बरवार ने भी पुष्टि की है। पुलिस ने बताया कि युवती के शव के पास कुछ ऐसा नहीं मिला है जिससे उसकी शिनाख्त की जा सके। फिलहाल शिनाख्त की कोशिश जारी है। आसपास के थाना को युवती की फोटो भेजी गई है। जांच की जा रही है कि कहीं किसी थाना में युवती के गायब होने की सूचना तो दर्ज नहीं। डीएसपी के मुताबिक, युवती को देर रात गोली मारी गई है। इस बाबत डॉग स्क्वॉड की सहायता भी ली जा रही है।