-2019 लोस चुनाव में एनडीए 150 सीटो पर सिमटेगी
रांची: कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पुत्र अनिल शास्त्री ने पीएम मोदी पर सीधे निशाना साधते हुये कहा, कि उनके पास सिवाय पुलवामा व राष्ट्रवाद के अलावे कोई भी मुद्दा नही है, वहीं झारखंड की भाजपाई शासन में लाॅ एंड आर्डर पूरी तरह से धवस्त हो चुका है। वे मंगलवार को मीडिया से बात कर रहे थे। कहा कि पड़ोसी राज्यों की तुलना में भारत में विकास नहीं हुआ व पांच वर्षीय केंद्रीय शासन में न सिर्फ किसानों ने आत्महत्या की, बल्कि इनका एनकाउंटर भी किया गया।
उन्होंने नरेंद्र मोदी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पीएम जो भी सभा कर रहे हैं, उसमें राष्ट्रवाद की याद आ रही है। पीएम के पास सैनिक, देश, पुलवामा के अलावा अब कोई मुद्दा नहीं बचा, जाहिर है कि चुनाव को देखते हुये उनकी नियति को स्पष्ट करता है। कहा कि भाजपा के शासनकाल में सिर्फ किसानों के अलावे युवा, महिला के साथ भी अत्याचार हुआ है। शास्त्री ने कहा कि लोकसभा के चार चरणों के चुनाव बाद सत्तारूढ़ एनडीए में बौखलाहट व मायूसी का माहौल है। लोकसभा चुनाव 2019 में सत्तारूढ़ भाजपा-एनडीए 150 सीटों पर सिमट कर रह जाएगी। कई राज्यों में तो बीजेपी का खाता तक नहीं खुलेगा। तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश , तेलंगाना, पुंडुचेरी और कई अन्य राज्यों में भाजपा का कोई जनाधार नहीं है। अगले तीन चरण का चुनाव खत्म होने बाद केंद्र में कांग्रेस नेतृत्व वाली गठबंधन की सरकार बननी तय है।
ताशकंद समझौते के बाद पूर्व प्रधानमंत्री की मौत के संबंध में पूछे गये एक प्रश्न के उत्तर में अनिल शास्त्री ने बताया कि जब उनका पार्थिव शरीर देश पहुंचा, तो कई ऐसी बातें सामने आयी, जिसमें तत्कालीन प्रधानमंत्री की सुरक्षा में लापरवाही की बात पुख्ता होती है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में भी लाल बहादुर शास्त्री की मौत को लेकर सूचना का अधिकार कानून के तहत जानकारी मांगी गयी, लेकिन अब भी कई चीजें रहस्य ही बनी हुई है। आने वाले समय में सरकार को इसका खुलासा करना चाहिए।