- कहा भाजपा ने अहंकार के आवेश में थामा विनाश का दामन
रांची: कांग्रेस की सबसे कम उम्र की प्रथम फायर ब्राण्ड राष्ट्रीय स्टार प्रचारक साधना भारती सोमवार को सुबोधकांत सहाय के समर्थन में प्रचार किया। हटिया से चुटिया चौक तक कई जनसभाओं को सम्बोधित किया। भारती ने कहा कि सबका साथ सबका विकास की बात करके भाजपा केंद्र की सत्ता में तो आ गई लेकिन सत्ता पर सवार होने के बाद भाजपा ने अहंकार के आवेश में आकर विनाश का दामन थाम लिया। गब्बर सिंह टेक्स लगाकर नोटबन्दी कराकर किसानों, नौजवानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों की कमर तोड़ दी। मोदी राज में गैस डीजल पेट्रोल के दाम आसमान छूने लगे। किसानों पर डण्डे और गोलियां बरसने लगी। किसान आत्महत्या करने पर मजबूर हो गए। मोदी सरकार ने बड़े उद्योगपतियों के हजारों करोड़ के कर्जे माफ कर दिए। मगर किसानों के कर्जे माफ नहीं किये। मोदी राज में गरीब जनता खून के आँसू रो रही है।
उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस महागठबंधन की सरकार केंद्र में आएगी तो प्रत्येक गरीब परिवार को सालाना 72000 रूपये देने का काम करेगी। पहले कांग्रेस की सरकार थी तब किसानों का 72000 करोड़ का कर्ज कांग्रेस सरकार ने माफ किया था। मोदी के अहंकार राज में भारतीय संविधान की आत्मा पर प्रहार हो रहा है। भारत की संवैधानिक संस्थाओं का दुरूपयोग हो रहा है। देश की जनता सब देख रही है। भाजपा के अहंकार राज का अन्त निश्चित है।
कहा कि जनता ने इस बार कांग्रेस महागठबंधन के लोकसभा प्रत्याशी सुबोध कान्त सहाय को जिताने का मन बना लिया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने तो खुद ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथनी को जुमला करार दे चुके हैं। पांच साल पहले मोदी जी ने कहा था कि जब हम सत्ता में आएंगे तो विदेशों से करोड़ों का काला धन लाएंगे। प्रत्येक भारतवासी के बैंक खाते में पंद्रह से बीस लाख रूपये तो यूं ही आ जायेंगे। पांच साल बीत गए पंद्रह से बीस लाख रूपये तो दूर की बात है, जुमलेबाज मोदी के राज में पंद्रह से बीस रूपये भी किसी भारतवासी के बैंक खाते में नहीं आये।
मोदी ने प्रत्येक बर्ष दो करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा भी किया था। मगर ये वादा भी पूरा नहीं किया। मोदी जी अपने को देश का चौकीदार बताते हैं, ये कैसा चौकीदार हैं। चौकीदार जागता रहा लेकिन नीरव मोदी, मामा मेहुल चौकसी, विजय माल्या बैंकों से हजारों करोड़ लूट कर विदेश भागता रहा।
कांग्रेस की राष्ट्रीय स्टार प्रचारक विश्वविदुषी साधना भारती ने कहा कि भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह तड़ीपार रह चुके हैं। भाजपा के एक राष्ट्रीय अध्यक्ष बंगारू लक्ष्मण थे जो देश की रक्षा से सम्बंधित मामले में रिश्वत लेते हुए टेलीविजन पर दिखाए गए थे और अदालत द्वारा जेल भी पहुंचाए गए थे। इस बार देश की भाजपा सरकार के प्रधान चौकीदार ने देश की रक्षा से सम्बंधित राफेल सौदे में चोरी करके करोड़ों के कर्जदार अपने मित्र अनिल अम्बानी को फायदा पहुंचाया है।
देश की जनता के साथ साथ- रांची की जनता ने भी चौकीदार चोर है का नारा लगाया है। देश की जनता मोदी बाबा और चालीस चोरों को वोट की चोट से सजा जरूर देगी। रांची से कांग्रेस महागठबंधन के लोकसभा प्रत्याशी सुबोध कान्त सहाय भारी बहुमत से बिजयी बनेंगे। देश में कांग्रेस महागठबंधन की सरकार बनेगी।