लोगों से भरपूर वोट की अपील
गिरिडीह: जमुआ में आहूत जनसभा को संबोधित करते हुये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष पर जोरदार निशाना साधा व कहा कि चार चरण की वोटिंग के बाद विपक्ष चारों खाने चित होने जा रहा है, ऐसे में कोई बुद्धि काम नहीं कर रही तो अफवाह फैलाया जा रहा है, कि मोदी जीत गया है, इसलिये वोट करने की जरुरत नहीं है। पीएम ने जनता से आहवान किया कि इनकी बातों को कोई ध्यान न दें व जमकर वोटिंग करें। उन्होंने पूरी ईमानदारी से देश और जनता के लिए काम करने का दावा किया।
मोदी ने कहा कि पहले घोटाले होते थे, अब चौकीदार ने इन सारे घोटालों पर ताले लगा दिये हैं। लूट करने वालों की दुकानें बंद हो रही हैं व वे भ्रष्टाचार नहीं कर पा रहे हैं, तो चौकीदार को गाली दे रहे हैं। लेकिन इससे इतर जनता पूरी तरह से चौकीदार के साथ खड़ा है। पीएम ने कहा कि मिशन महामिलावट वाले देश में मजबूत सरकार नहीं चाहते। कांग्रेस ही अब तक देश में सरकार बनाने व गिराने का खेल करती आयी है, किसान और नौजवानों को लेकर उन्हें कोई चिंता नहीं थी. कांग्रेस को मालूम है कि वो सरकार नहीं बना सकती, बावजूद वो चाहती है, कि उसे डोर खींचने का काम मिल जाए। पीएम ने कहा कि विपक्ष को जनता नहीं अपने स्वार्थ की चिंता है। कहा कि झारखंड ने अस्थिरता का लंबा दौरा देखा है, लूट- खसोट के चलते पूर्व सीएम तक को जेल जाना पड़ा । रघुवर सरकार ने उस दौरान के नुकसान की भरपाई की है। विपक्ष के टांग अड़ाने के बावजूद हमने पिछड़ा आयोग को संवैधानिक दर्जा दिलाया। पीएम ने आश्वस्त किया कि यदि दोबारा मोदी सरकार बनने पर पीएम किसान योजना का लाभ हर किसान को देंगे।
जहां खतरा होगा घुसकर मारेगें: पीएम ने कहा कि देश की सुरक्षा को लेकर चौकीदार चौकन्ना है। जिन गांवों में कभी लाल आंतक दिखता था, वहां अब दुधिया बल्ब की रोशनी है। कांग्रेस के रवैये से देश में लौट रही शांति खतरे में पड़ सकती है। प्रधानमंत्री ने दो टूक कहा कि जहां भी खतरा दिखायी देगा, वहां घुसकर मारेंगे।
नीयत साफ हो तो ईमानदारी से सरकार चल सकती है: मोदी ने कहा कि ईमानदारी और नीयत साफ हो तो बिना लूट-खसोट वाली सरकार भी चल सकती है और देश विकास कर सकता है। आज इसी वजह से पूरा देश पूरे विश्वास के साथ अपने इस सेवक, अपने इस चौकीदार के साथ खड़ा है। विपक्षी अपने भविष्य को बचाने में जुटे हैं। झारखंड में हुई लूट-खसोट को लेकर मुख्यमंत्रियों तक को जेल जाना पड़ा।