खूंटी: झारखंड में इनदिनों पति को ताकत देने के लिये पत्नियों ने मोर्चा संभाल रखा है। एक ओर रांची में कांग्रेस प्रत्याशी सुबोधकांत की पत्नी रेखा सहाय जोर लगाये हुये हैं, तो दूसरी ओर खूंटी में पूर्व सीएम व भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा के लिये उनकी पत्नी मीरा मुंडा ने ताकत झोंकी हुई है। शनिवार को मीरा ने कर्रा के हसंबेडा गांव स्थित आम बगीचा में भाजपा की महिला मोर्चा द्वारा एक बैठक आहूत की गई। इसमें खास तौर पर यहां की जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष मंजू देवी मौजूद थीं। मीरा मुंडा ने कहा कांग्रेस इस देश में 70 साल तक शासन कर देश को बदहाली में लाकर रख दिया, लेकिन बीजेपी सरकार ने शासन संभालने के साथ देश को दुनिया में अलग पहचान दिलाया।
मीरा मुंडा ने कहा कि भाजपा सरकार पांच वर्षीय बच्चा है, लेकिन इतने कम समय में देश को आगे बढ़ाया है। उन्होंने इस बाबत अपने पति व खूंटी लोकसभा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा के पक्ष में अधिकाधिक वोटिंग करने की मांग की। भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष आरती सिंह ने कहा आज महिलाएं पुरुषों से भी ज्यादा काम कर रही है। महिलाएं घर और बाहर दोनों जगह काम कर रही है। बहनों हम-सब जागरूक हो चुके हैं। मौके पर काशीनाथ महतो, अरूण चंद्र गुप्ता, जितेन्द्र कश्यप, आरती कुजूर, रविंद्र कौर, नूतन पहान, रेखा केशरी, घुरन महतो आदि ने संबोधित किया। मौके पर अनिमा कुमारी, पुनम देवी, काजल प्रधान, सुषमा देवी, फरहान खातून, रेखा विजय के अलावा कई महिलाएं मौजूद थीं।