चाईबासा: महागठबंधन दल की ओर से आहूत चुनावी सभा को संबोधित करते हुये झामुमो विधायक दीपक बिरुआ ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुये कहा कि भाजपाई सिर्फ अपनी पीठ थपथपाने में माहिर हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण गिलुवा का नाम लेते हुए कहा कि ये जनता से दूर व मस्ती में मशगूल रहने वाला सांसद हैं। जनता से पूछा कि आपको जनता से दूर रहने वाले सांसद चाहिए या जनता के बीच में रहने वाला सांसद। अपना वोट समझदारी से साझा प्रत्याशी को दें। कहा कि गीता कोड़ा को भारी मतो से विजयी बनाकर संसद भेजें, ताकि यहां की समस्या को वो मजबूती से रख सकें।
उन्होंने एक बार मौका देकर कांग्रेस का हाथ मजबूत करने का आहवान किया। भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि जुमले बाजी की सरकार पांच साल तक राज की है और अब पूंजीपतियों की पुजारी सरकार को उखाड़ कर बाहर करने का समय आ गया है। कहा कि वंशवाद कोई मुद्दा नहीं है। मुद्दा है गरीबी, बेरोजगारी। आज मोदी सरकार मे युवा वर्ग रोजगार विहीन हो गये हैं। इससे पूर्व गुरूवार को महागठबंधन दल के द्वारा जगन्नाथपुर अनुमंडल मुख्यालय के प्रखंड मुख्यालय में चुनावी पार्टी कार्यालय का उदघाटन किया गया।
इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी गीता कोड़ा भी मौजूद थीं। सभा में चक्रधरपुर विधायक शशिभूषण सामड, मनोहरपुर विधायक जोबा माझी, पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबंगा व इजहार राही ने चुनावी सभा में पूरा दमखम दिखाया। संचालन भगवान सिंकु व धन्यवाद ज्ञापन झामुमो के जगन्नाथपुर प्रखंड अध्यक्ष अजीत कुंकल ने किया।