कांग्रेस सत्ता में आयी तो 22 लाख युवाओं को रोजगार: सहाय

बुधवार को जारी रहा प्रचार अभियान
रांची: महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी सुबोध कांत सहाय ने कहा कि यदि कांग्रेस की सरकार सत्ता में आयी तो 22 लाख युवाओं को आनेवाले मार्च तक नौकरी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जो वादा करती है, उसे हर हाल में निभाने का काम करेगी। सहाय ने बुधवार को रातू प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से वोट मांगे।
सुबोधकांत के साथ इस बाबत महागठबंधन के नेतागण मौजूद थे। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के शासन में युवाओं को रोजगार नहीं दिया गया व आज इसी कारण से देश भर में 22 लाख पद रिक्त पड़े हुए हैं। कांग्रेस वादा करती है कि सत्ता में आने पर इन पदों को भरा जाएगा। इस मौके पर मौजूद जेवीएम के महासचिव बंधु तिर्की ने कहा कि भाजपा ने अपने शासनकाल में युवाओं को बेरोजगार करने का काम किया है। नोटबंदी व जीएसटी लगाकर भाजपा ने छोटे-मोटे व्यापारियों का व्यापार चौपट कर दिया। पूरा देश भाजपा व उनकी नीतियों से परेशान है।
कांग्रेस नेता अजय शाहदेव ने कहा कि जनता मोदी सरकार से मुक्ति चाहती है व इसी कारण वह महागठबंधन की ओर देख रही है। झामुमो की महिला केंद्रीय अध्यक्ष वर्षा गाड़ी ने कहा कि जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए महागठबंधन बनाया गया है, जो इस चुनाव में राज्य से भाजपा का सुपड़ा साफ करेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील किया कि कांग्रेस को वोट देकर सुबोधकांत को विजयी बनाएँ। श्री सहाय ने पंडरा, कमड़े, सुंडील, चटकपुर, चट्टी, कांठीटांड़, मखमंदरौ, काटू, लहना व बानापीढ़ी सहित कई गांवों में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उनके साथ झाविमो महिला मोर्चा की अध्यक्ष शोभा यादव, कांग्रेस की रांची जिला महिला अध्यक्ष मेरी तिर्की, सुशीला एक्का , शुचिता तिर्की , बिना सिंह , कुसुम देवी , अकलीमा खातून अरविंद तिर्की, शिवा कच्छप, उदय प्रताप सिंह, कमरूल हक, सुनील टोप्पो, खलील अंसारी, रितेश साहु , दिनेश तिग्गा, बेलाल अंसारी, उषा देवी, आभा एक्का के साथ-साथ गाँव के मुखिया भी शामिल थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More