रांची: रांची लोकसभा सीट के भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी संजय सेठ ने सोमवार की सुबह ओरमांझी के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाया। उनके साथ खिजरी के भाजपा विधायक रामकुमार पाहन समेत अन्य भाजपा नेता-कार्यकर्ता मौजूद थे। सेठ ने भाजपा के बागी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे निर्वतमान सांसद रामटहल चौधरी के पैतृक प्रखंड ओरमांझी में लोगों से वोट मांगा।
चुनाव प्रचार में भाजपाई नेताओं व कार्यकर्ताओं का समर्थन पाकर सेठ काफी खुश नजर आये। रामटहल चौधरी के गढ़ ओरमांझी के विभिन्न क्षेत्रों में पदयात्रा और जनसंपर्क अभियान के दौरान संजय सेठ को जिस तरह से व्यापक जनसमर्थन मिला, संगठन के अधिकांश नेता- कार्यकर्ता उनके साथ चुनाव प्रचार में शामिल हुए। संजय सेठ के ओरमांझी आगमन पर विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा नेताओं ने फूल- माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान सभी ने मिलकर वहां एक बैठक भी की। इस बाबत चुनावी तैयारियों पर मंथन किया। सेठ ने इसके अलावे आज कई स्थानों पर पंहचुकर लोगों से चुनावी रणनीति पर चर्चा की है।
पलायन खत्म हो रहा, मिल रहा रोजगार: सेठ
संजय सेठ ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को सम्मान दिया है व राज्य सरकार द्वारा 1 रूपये में महिलाओं के लिए 50 लाख तक की जमीन की रजिस्ट्री की जा रही है। देश में ये पहला एसा राज्य है, जहां ऐसा हो रहा है। कहा कि गांव की महिलाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए महिला स्वयं सहायता समूह बनाकर सरकार द्वारा पैसा उपलब्ध करा कर रोजगार दिये जा रहे है, ताकि महिला अपने पैरों पर खड़े हो सके अभी तक 1 लाख से ज्यादा सखी मंडलो के माध्यम से 17 लाख से ज्यादा महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराये गये हैं व इससे पलायन खत्म हो रहा है। बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ के तहत बच्ची के जन्म से उसकी शादी तक राज्य सरकार द्वारा 7200 रू0 दिये जा रहें हैं। मुद्रा योजना के तहत स्लम बस्ती में नैपकिन बनाने के लिए 4 लाख की मशीन दी जा रही है। ग्रांम पंचायत में महिलाओ को अधिकार दिये गये हैं।