रांची: झारखंड प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति- जनजाति मोर्चा के अध्यक्ष रामकुमार पाहन ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री व झामुमो के कार्यवाहक अध्यक्ष हेमंत सोरेन लोकसभा चुनाव में अपनी व महागठबंधन की हार को देखते हुए अनरगल बयानबाजी कर रहे हैं व प्रदेश में हो रहे चार चरणों के चुनाव को साजिश करार दे रहे हैं। विरोधी दलों के गठबंधन पर भी कांग्रेस का असर दिखलाई पड़ रहा है।
पाहन ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं पर प्रश्न खड़े करना कांग्रेस की पुरानी अदत रही है। चुनाव आयोग एक स्वायत्तशासी संस्था होने के कारण उस पर पूरे देश में निष्पक्ष चुनाव कराने की जवाबदेही है। जबकि पूरे देश के सभी राज्यों में सुरक्षा के दृष्टिकोण से चुनाव कई चरणों में होते रहे हैं। यूपीए के शासनकाल में भी चुनाव कई चरणों में कराये गए थे। उन्हें यह भी जानना चाहिए कि चुनाव का संचालन निर्वाचन आयोग अपनी मर्जी से करता है, उस पर केंद्र सरकार या राज्य सरकार का कोई नियंत्रण नहीं होता। पाहन ने कहा कि हेमंत बजरंगबली का ध्वज फहराने को भी आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का आरोप लगा रहे हैं। उन्हें मालूम होना चाहिए कि चुनाव आयोग का काम स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना है, न कि लोगों की धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करना। रामनवमी के मौके पर बजरंग बली का ध्वज फहराना हमारी परंपरा है। इससे चुनाव का कोई लेना-देना नहीं।