आदिवासी विकास भाजपा की प्राथमिकता: पाहन

रांची: झारखंड प्रदेश भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक राम कुमार पाहन ने विपक्ष पर जनता को बरगलाने का आरोप लगाया है। पाहन ने प्रतिपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा है कि भाजपा की सर्वोच्च प्राथमिकता आदिवासियों का विकास व सम्मान की रक्षा करना है।
पाहन ने कहा कि केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार के कार्यकाल में देश एवं राज्य का जितना विकास हुआ, उतना बीते 55 वर्षों में नहीं हुआ है। आदिवासियों के विकास का भी व्यापक काम हुआ है। राज्य में रघुवर दास के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद हर क्षेत्र में विकास के कार्य हुए हैं। सरकार ने आदिवासियों के विकास के लिए कई नई योजनाएं शुरू की है। केंद्र सरकार ने अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति समुदाय के कल्याण के लिए सबसे अधिक 95 हजार करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया। जनजातीय समुदाय की विरासतों को संरक्षित करने के लिए उनकी पारंपरिक संस्कृति, कला और बोली-भाषा के प्रोत्साहन संबंधी गतिविधियों के लिए सांस्कृतिक केंद्रों की स्थापना की जा रही है।
पाहन ने कहा कि अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति के युवाओं को उद्योग लगाने के लिए 10 लाख रुपये से एक करोड़ रुपये तक लोन सुनिश्चित किया गया। इस वर्ग के युवाओं की छात्रवृत्ति बढ़ाकर ढाई लाख रुपये की गई। बीते पांच वर्षों में पांच करोड़ सात लाख एसटी-एससी के विद्यार्थियों को 15,918 करोड़ रुपये छात्रवृत्ति दी गई। उन्होंने दावा किया कि आदिवासियों के कल्याण हेतु बजट में बढ़ोत्तरी की गई है। सबसे अधिक बजट का प्रावधान रघुवर सरकार ने किया। उनकी समस्याओं को सुलझाने के दृष्टिकोण से कई योजनाएं भी चलाई जा रही है। उनकी संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए प्रदेश सरकार ने कई महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। सरना स्थलों और आदिवासी समाज के महापुरुषों की प्रतिमाओं का सौंदर्यींकरण भी पूरे राज्य में किया गया। यूपीएससी में पीटी परीक्षा पास करने के बाद मेंस परीक्षा की तैयारी करने के लिए आदिवासी युवक-युवतियों को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी राज्य सरकार कर रही है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More