रांची: झारखंड में लोकसभा चुनाव के तीसरे व देश के छठे चरण के लिये होेनेवाले चुनाव के बाबत गिरिडीह, धनबाद, जमशेदपुर व सिंहभूम के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन प्रक्रिया का श्रीगणेश हो चुका हैं। इस दौरान प्रत्याशियों को 23 अप्रैल तक नामांकन पर्चा करना हैं। 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी व 26 अप्रैल तक प्रत्याशी अपने नाम वापस ले सकेंगे व मतदान 12 मई को होगा।
गौरतलब हो कि इन सीटों में सिंहभूम सीट एसटी के लिए आरक्षित है जबकि तीन अन्य सामान्य सीटें हैं। गिरिडीह, धनबाद, जमशेदपुर व सिंहभूम लोकसभा सीट के लिए भाजपा और महागठबंधन की ओर से उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी गयी है। गिरिडीह लोकसभा सीट के लिए इस बार भाजपा ने अपने सांसद रवींद्र पांडेय को बैठाकर यह सीट सहयोगी दल आजसू पार्टी के लिए छोड़ी है। जिसके कारण प्रारंभ में रवींद्र पांडेय में नाराजगी भी देखी जा रही थी व उन्होंने निर्दलीय या अन्य दल के प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरने की बात कही थी, लेकिन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से बातचीत होने के बाद रवींद्र पांडेय ने इस बार लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है।
गिरिडीह सीट के लिए महागठबंधन की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा ने डुमरी के विधायक जगरनाथ महतो को उम्मीदवार बनाया है। जगरनाथ महतो वर्ष 2014 के चुनाव में भी दूसरे स्थान पर रहे थे। धनबाद लोकसभा सीट के लिए भाजपा ने सांसद पीएन सिंह को फिर से उम्मीदवार बनाया है, वहीं बिहार में टिकट से वंचित रह जाने के कारण भाजपा छोड़ कर हाल ही में कांग्रेस में आये कीर्ति आजाद को महागठबंधन का उम्मीदवार बनाया गया है। टिकट कटने से पूर्व सांसद चंद्रशेखर दूबे के समर्थक इस बाबत का विरोध कर रहे हैं। जमशेदपुर में भी भाजपा ने अपने निवर्तमान सांसद विद्युत वरण महतो को फिर से उम्मीदवार बनाया है। महागठबंधन ने विधायक चंपई सोरेन को प्रत्याषी बनाया है व सिंहभूम लोकसभा सीट से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह निवर्तमान सांसद लक्ष्मण गिलुवा फिर से चुनाव मैदान में है, वहीं कांग्रेस ने इस बार विधायक व पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा को उम्मीदवार बनाया है।