महागठबंधन में शामिल लोग भ्रष्टाचार में पीएचडी: रघुवर

गिरिडीह: कोडरमा में अन्नपूर्णा देवी के नामांकन के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रघुवर दास ने विपक्षी दलों पर करारा कटाक्ष किया। कहा ये महागठबंधन न सिर्फ ठगबंधन है, बल्कि इसके नेता भ्रष्टाचार में पीएचडी हैं। इस गठबंधन का मकसद सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हटाना है। सीएम ने कहा कि नरेंद्र मोदी दुबारा सत्ता में आए, तो ये लोग जेल में रहेंगे।
श्री दास ने कहा कि कांग्रेस 71 वर्ष से देश से गरीबी हटा रही है, इंदिरा गांधी के समय से ही कांग्रेस गरीबी हटाओ का नारा देती रही है, लेकिन अब उनकी एक नयी पीढ़ी भी इसी नारे के साथ सत्ता हासिल करना चाहती है। रघुवर दास ने बाबूलाल मरांडी पर भी प्रहार करते हुए कहा कि बाबूलाल मरांडी ने गांव में महल बना लिए है, जबकि संथाल आदिवासी झोपड़ी में रह रहे है, ये छद्म आदिवासी नेता है, सामान्य सीट से चुनाव लड़ रहे है, उन्होंने झारखंड में डोमिसाइल के नाम पर फसाद कराया।
सीएम ने सोमवार को जिले में तीन नक्सलियों को मार गिराने के लिए पुलिस को धन्यवाद दिया और कहा कि झारखंड पुलिस पर उन्हें नाज है। यह चुनाव देश को बदलने वाला है, स्थिर सरकार चुनकर आतंकवाद को खत्म करने का यह चुनाव है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश में वंशवाद की राजनीति शुरू की। कांग्रेस देश को अपना जागीर समझती है, लेकिन लोकतंत्र के कारण एक गरीब का बेटा भी मुख्यमंत्री बना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश का सर्वांगीण विकास किया, देश में कामबोल रहा है, आतंरिक सुरक्षा मजबूत हुई। मनमोहन सिंह के समय में पूरे देश में बम फटता था, संसद भवन पर हमला हुआ, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन में सेना ने पुलवामा कांड का बदला दिया। प्रधानमंत्री की इच्छाशक्ति के कारण सेना पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादियों को चुन-चुन कर मारा। उन्होंने लोगों से अपील की कि सेना पर उंगली उठाने वाले कांग्रेस, राजद और विपक्षी पार्टियों को 6 मई को वोट कर जवाब दें।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More