बोलो-बोलो बजरंग बली की जय व रामधुन में उमड़ा आस्था का सैलाब

भक्ति की गंगा में सराबोर हुआ झारखंड
रांची: मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के जन्मोत्सव के मौके पर राजधानी रांची में शनिवार को विशाल शोभायात्रा निकाली गई। श्री राम के भक्तोें की जयकार से पूरा वातावरण भक्तिरस की गंगा में समाहित हो गया। राजधानी के अलावे पूरे झारखंड में महानवमी का उत्साह देखा जा रहा था। भक्ति के जलवा का अंदाज सिर्फ इसी से लगाया जा सकता है कि मुख्य जुलूस श्री राम जानकी मंदिर तपोवन में था, तो उसका अंतिम भाग शहीद चौक में था।
इसके अलावा अन्य सहायक सड़कों में भी राम भक्तों की भीड़ उमड़ी थी, जो मुख्य शोभायात्रा में शामिल हो रही थी। बजरंगबली व राम के नाम सहित श्रीराम जी चले न हनुमान के बिना राम जी चले न हनुमान के बिना, राम जी की निकली सवारी राम जी की लीला है न्यारी.. जैसी गीतों की मस्ती में भक्तों का हुजूम झूम रहा था। सुर के साथ-साथ भक्तों द्वारा रास्ते भर लाठी-डंडे के अलावे तलवारबाजी का करतब दिखाया जा रहा था।
शहर के सात जगहों से एक साथ गाजा-बाजा व पारंपरिक अस्त्रों के साथ मुख्य शोभायात्रा अपराह्न तीन बजे निकली। राम भक्तों का उत्साह चरम पर था। पूरी की पूरी राजधानी महावीरी पताकों से लैस दिख रही थी। कई स्थानों पर युवा झंडे लेकर दौड़ रहे थे। कई प्रमुख चौक -चैराहों पर झंडों का प्रदर्शन भी कर रहे थें। मुख्य शोभायात्रा शाम साढ़े से पांच बजे के करीब अलबर्ट एक्का चौक पहुंची। शोभायात्रा यहां से सजर्ना चैक, काली मंदिर चैक होकर मेन रोड, ओवरब्रिज, निवारणपुर होते हुए तपोवन राम-जानकी मंदिर पहुंची।
श्री महावीर मंडल रांची के झंडे की मंदिर के महंत व पुजारियों ने पूजा-अर्चना की। अन्य झंडों की पूजा मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर सटा कर की गयी। पूजा के बाद सभी अखाड़ेधारी अपने-अपने अखाड़े में लौट गये। चौक पर विभिन्न समितियों के द्वारा अपने अपने झंडे को प्रदर्शनी के लिए लगाया जा रहा था। मनोकामना पूर्ण हनुमान मंदिर लाइन टैंक रोड के द्वारा विशाल महावीरी पताका को चौक पर खड़ा किया गया।
इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किये गये थे। शहर के अधिकांश इलाकों में दंडाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। चार आईपीएस अधिकारी, बारह डीएसपी, साठ इंस्पेक्टर के नेतृत्व में करीब तीस हजार जवानों को सुरक्षा में तैनात किया गया है। इसके अलावा शहर में वाच टावर, ड्रोन कैमरा और सी.सी.टी.वी. कैमरे से शहर की हर गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
शोभायात्रा के दौरान झंडे से कोई व्यवधान और दुर्घटना न हो इसके लिये दोपहर दो बजे से रात ग्यारह बजे तक बिजली आपूर्ति को बंद करने का आदेश जारी किया गया था। इससे पहले नवरात्र के महाअष्टमी के मौके पर शुक्रवार की रात भव्य झांकियां निकाली गई।
मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर दी बधाई
रामनवमी के शुभ अवसर पर समस्त झारखण्डवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान श्री राम हमारी रग- रग में हैं, जन-जन के मन में हैं। सभी पर प्रभु राम का आशीर्वाद बना रहे, मानवता के मार्ग पर चलने की ताकत मिले। मर्यादापुरुषोत्तम श्री राम से यही प्रार्थना है। #RamNavami pic.twitter.com/TMbS8hyadr
— Chowkidar Raghubar Das (@dasraghubar) March 25, 2018


