चतरा में खतरा

राजद-कांग्रेस में खटराग
भाजपा प्रत्याशी वोटरों को नहीं भा रहे

चंदन चौधरी
चतरा लोकसभा सीट में एक ओर जहां भाजपा प्रत्याशी सुनील सिंह वोटरों के हृदय में नहीं उतर सके हैं, वहीं दूसरी ओर राजद द्वारा उम्मीदवार उतारे जाने के बाद से कांग्रेस-राजद के बीच खटपट शुरु हो गयी है। इस मसले पर कोई खुलकर तो नहीं बोल रहा, पर दबी जुबान से कांग्रेसजन राजद के निर्णय को गलत बता रहे है। रांची सीट से लोकसभा चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत ने यह कह कर पल्ला झाड़ लिया कि यह राजद का मसला है व वहीं सलटाएगी। ऐसे में इस बात से इंकार नही किया जा सकता कि लाख विरोध के बावजूद महागठबंधन का खटराग भाजपा की मजबूती का संकेत दे रहा है।
सुबोधकांत इससे ज्यादा कुछ भी नहीं कह सकते, क्योंकि रांची में जीत के लिए राजद के समर्थन की आवश्यकता है। राजद के वरिष्ठ नेता इस मसलेपर चुप्पी साधकर कन्नी काट रहे हैं। कहने को तो महागठबंधन का बैनर चुनाव लड़ रहा है, लेकिन जमीनी तौर पर सभी अपना स्वार्थ साध रहे हैं। राजद के प्रदेश अध्यक्ष गौतम सागर राणा से जब पूछा गया कि क्या महागठबंधन को प्राथमिकता देते हुए राजद चतरा सीट पर नाम वापस ले सकती है ? उनका एक लाइन में जवाब था, कि इसका सवाल ही नहीं उठता। राजद चतरा में काफी मजबूत स्थिति में है व सुभाष यादव वहां से विजयी होंगे।
दरअसल महागठबंधन में यह पहले ही तय हो गया था कि कौन सी पार्टी कहां से उम्मीदवार देगी। उस वक्त भी चतरा सीट को लेकर कांग्रेस और राजद के बीच तालमेल नहीं बैठ पा रहा था। जिसका असर प्रत्यक्ष है। चतरा लोकसभा सीट में कांग्रेस ने मनोज यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है, वहीं राजद ने सुभाष यादव को अपना उम्मीदवार बनाकर यहां संघर्ष को त्रिकोणीय कर दिया है। भाजपा के सुनील सिंह अभी वहां के मौजूदा सांसद हैं, ऐसे में एक ओर जहां राजद और महागठबंधन में जिच कायम है तो दूसरी ओर इससे भाजपा की जीत आसान प्रतीत होती है। बावजूद इसके परिणाम चौकानेवाले आते हैं, तो अतिश्योक्ति नहीं कही जा सकती।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More