रांची : झारखंड प्रदेश भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक राम कुमार पाहन ने कहा कि झामुमो को विकास और जनता से मतलब नहीं है। वह सिर्फ अपना हित साधने का काम करता है। इसके कई उदाहरण हैं। केंद्र में नरसिंहा राव की सरकार को बचाने के लिए झामुमो ने वोट की सौदेबाजी की थी। इसके एवज में मोटी रकम तक ली थी। यह जगजाहिर है।
श्री पाहन ने कहा कि अपने हित के लिए झामुमो कुछ भी कर सकता है। यह पार्टी परिवार से आगे कुछ नहीं सोच सकती है। यही कारण है कि आम कार्यकर्ताओं को वहां आगे बढ़ने का मौका तक नहीं दिया जाता है। पुत्र मोह में ही शिबू सोरेन ने झारखंड राज्य की जनतो को गर्त में लाकर खड़ा कर दिया है।
श्री पाहन ने कहा कि झामुमो का आदिवासी हितों की बात करना सिर्फ दिखावा है। आदिवासी हित की बात कर सोरेन परिवार ने निश्चल आदिवासियों को छलने का काम किया है। उन्हें इस्तेमाल कर रही है। हालांकि यह बात अब आदिवासियों की समझ में आ गयी है। वे जान गए है कि आदिवासियों का सही विकास केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार ही कर सकती है।
राज्य सरकार ने आदिवासियों के बजट प्रावधान में काफी बढ़ोत्तरी की है। उनके धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए कई योजनाएं शुरू की है। पूर्वज और शहीदों को सम्मान देने का काम भी राज्य की भाजपा सरकार ने ही किया है। धर्मगुरुओं को भी आर्थिक सहायता राशि दी जा रही है।