हजारीबाग: संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 471 वां स्थान प्राप्त करनेवाले सुमित अग्रवाल को आज मारवाड़ी अग्रवाल समाज ने सम्मानित किया। अग्रसेन भवन मे आहूत कार्यक्रम में समाज के लोगों ने कहा कि ये हमारे लिये गौरव की बात है। लोगों ने उन्हें गुलदस्ता व मोमेंटो देकर सम्मानित किया। मौके पर उनकी मां भी मौजूद रहीं।
गौरतलब हो कि सुमित अग्रवाल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा हजारीबाग के सरस्वती शिशु मंदिर से प्राप्त किया है व आईएससी संत कोलंबस कॉलेज से किया। उच्चतर शिक्षा उन्होंने रांची के बीआईटी मिश्रा से कंप्यूटर इंजीनियरिंग से किया। एमबीए करने के बाद तीन सालों तक विभिन्न कंपनियों में सेवा दी। बातचीत में सुमित ने बताया कि जीवन में कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं। मेहनत के साथ साथ ईमानदारी सफलता का द्वार खोल देती है। उन्होंने युवाओं को टिप्स देते हुये कहा कि रोजाना अखबार पढ़ें और अपने जीवन में ईमानदारी बरतें। साथ ही साथ उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज की शिक्षा महत्वपूर्ण होती है।
उन्होंने कहा कि टॉपर होना महत्वपूर्ण नही, लेकिन पढ़ाई में ईमानदार अत्यावश्यक है। सफलता का श्रेय उन्होंने अपने स्वर्गीय पिता राजेंद्र नारनौली को दिया । कहा कि जब वह निजी कंपनी में नौकरी करते थे तो मन में हमेशा ख्याल आता था कुछ ऐसा करो जिससे पूरे देश और समाज का नाम रोशन हो। अब वह चाहते हैं कि उन्हें झारखंड कैडर मिले ताकि वह झारखंड के निवासियों के लिए कुछ बेहतर कर सके।