भाजपा सरकार की विफलताओं को आम जन के बीच उजागर करना है: गुंजन सिंह

रांची : झारखण्ड प्रदेश महिला कांग्रेस कमिटी की बैठक कांग्रेस भवन में अध्यक्ष गुंजन सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इसके पश्चात् प्रदेश महिला कांग्रेस कमिटी की अध्यक्ष गुंजन सिंह ने राॅंची महानगर महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों, प्रखण्ड अध्यक्षों एवं वार्ड अध्यक्षों की बैठक बुलायी है, जिसकी अध्यक्षता महानगर महिला कांग्रेस कमिटी की अध्यक्ष विनीता पाठक ने किया।
बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सुश्री सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशी की सफलता सुनिश्चित करने के लिए हमें अपने- अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार- प्रसार करना है, जिसके तहत भाजपा सरकार की विफलताओं को आम जन के बीच उजागर करना है। साथ ही साथ भाजपा की जन विरोधी, किसान विरोधी, महिला विरोधी, युवा विरोधी एवं गरीब विरोधी नीतियों को जन- जन तक पहुंचाना है साथ ही साथ भाजपा सरकार की एक- एक असफलता से लोगों को परिचित कराना है।
उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस इस चुनाव में पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित कराने में अपनी अहम् भूमिका निभायेगी, जिसके तहत महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता को अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी द्वारा जारी घोषणा पत्र को लेकर जनता के बीच जाना है और घोषणा पत्र की एक- एक बिन्दुओं को अच्छी तरह से जनता के समक्ष रखना है। साथ हीं साथ कांग्रेस की विचारधाराओं एवं सिद्धान्तों से आम जन को परिचित कराना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिला कांग्रेस की जो भी कार्यकर्ता अपने कार्य के प्रति कोताही बरतेगी, उसके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारम्भ की जायेगी। उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस की हर एक कार्यकर्ता को अपनी पूरी निष्ठा एवं सक्रियता के साथ पार्टी प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित कराने में अहम् भूमिका अदा करना है।
बैठक में देविका सिंह, गौरी मल्लिक, अनिता सिन्हा, संगीता टोप्पो, हेमा मिंज, नीलम सहाय, सीता राणा, मारिया ग्रोती टोप्पो, अमिता मिंज, फतुला मिंज, पावर्ती सिंह, कुशमी देवी, विनीता देवी, पिंकी सिंह, रीना यादव, रेशमा गुलशन आरा, नीतू देवी, सबीना खातुन, सेवन्ती देवी, रेखा सांगा सहित काफी संख्या में महिलाऐं उपस्थित थी।


