- चुनाव के दौरान पोलिंग पार्टी व सुरक्षाबलों को टारगेट करने की थी योजना
- सात पाईप व तीन सिलेंडर बम बरामद, मौके पर किया गया डिफ्यूज
चतरा : जिले में सुरक्षाबलों ने एक बार फिर अपनी सूझबूझ से नक्सलियों के नापाक मंसूबों को नेस्तनाबूद कर दिया है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष सर्च अभियान के दौरान सीआरपीएफ 190 बटालियन व जिला बल की संयुक्त टीम ने लोकसभा चुनाव के दौरान पोलिंग पार्टी और सुरक्षाबलों को टारगेट करने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा लगाए गए दस बम बरामद किया है।
जिसे मौके पर ही झारखंड जगुआर के बीडीडी दस्ता के द्वारा डिफ्यूज कर दिया गया। बटालियन के कमांडेंट पवन कुमार बासन के बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सहायक कमांडेंट अनिल कुमार राय और अपर पुलिस अधीक्षक अभियान निगम प्रसाद के संयुक्त नेतृत्व में सीआरपीएफ व जिला बल के जवानों की संयुक्त टीम बनाकर सर्च अभियान के लिए जंगल में भेजा गया था।
अभियान के दौरान प्रतापपुर व कुंदा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में स्थित बामी गांव से सटे पहाड़ी के पास के अलग-अलग स्थानों पर लगाया गया सात पाईप बम और तीन सिलेंडर बम बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि संभवतः लोकसभा चुनाव में मतदान कराने इलाके में जाने वाले पोलिंग पार्टी और सुरक्षाबलों को टारगेट करने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा बम लगाया गया था। कमांडेंट ने बताया कि जिले में सक्रिय विभिन्न नक्सली संगठनों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा। कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की नक्सल गतिविधी और दहशत फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।