Viral news: जान देने नदी में कूदी महिला को मगरमच्छ ने काटा, चीख सुनकर पहुंची पुलिस ने बचाई जान

उडुपी: कर्नाटक के उडुपी जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ कुमारधारा नदी में जान देने की नीयत से उतरी एक महिला पर मगरमच्छ ने वार कर दिया। जान खतरे में देख महिला मदद के लिए चीखने लगी। उसकी आवाज़ सुनकर पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुँचे और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लाए। पुलिस के मुताबिक इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। परिवार के कहने पर पुलिस ने महिला की पहचान भी सार्वजनिक नहीं की है।
क्या है पूरा मामला?
कर्नाटक पुलिस के अनुसार यह वाकया बुधवार की रात कुक्के सुब्रह्मण्य में कुमारधारा पुल के करीब हुआ। अपनी निजी परेशानियों से जूझ रही महिला ने जान देने की मंशा से नदी में छलांग लगा दी। पानी में मौजूद एक मगरमच्छ ने उसे काट लिया, जिससे उसे हल्की चोटें आईं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हमले के बाद महिला मदद के लिए पुकारने लगी। पास के एक लॉज के स्टाफ ने उसकी चीख सुनी और सुब्रह्मण्य पुलिस को खबर दे दी।
पुलिस ने बचाई महिला की जान
सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुँचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर महिला को नदी से निकाला और सुरक्षित जगह ले गए। फिर उसे नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक इलाज मिला।
पुलिस ने महिला के परिजनों को इसकी जानकारी दी। काउंसलिंग के बाद उसे परिवार के साथ घर भेज दिया गया। इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई है, और परिवार के अनुरोध पर पुलिस ने महिला की पहचान गोपनीय रखी है। (एजेंसी इनपुट)


