कोडरमा: मतदान जागरूकता हेतु स्वीप कोर कमिटी का गठन

कोडरमा: वन प्रमंडल पदाधिकारी सूरज कुमार ने कहा है कि जिले में मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए स्वीप कोर कमिटी का गठन किया गया है। स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
सी-वीजिल एप को डाउनलोड कराने हेतु कई कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं, इसके अलावे एप के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी जा रही है। सबसे कम मतदान वाले केंद्रों पर मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के लिए दैनिक कार्यक्रम शिड्यूल निकाले गये हैं। वैसे केंद्र जहां विगत चुनाव मेें मतदान का प्रतिशत कम है, वैसे मतदान केंद्रों को चिन्हित कर वृहद रूप से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
कॉलेज में कैंपस एंबेसडर की नियुक्ति की गई है, जिसके माध्यम से 18 वर्ष से अधिक उम्र वाले छात्र- छात्राओं के मतदाता सूची में नाम दर्ज करने हेतु विभिन्न प्रकार की जानकारी उपलब्ध कराएंगे। मतदान के प्रति जागरूकता कार्यक्रम करेंगे। सोशल मीडिया के प्लेटफार्म से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम समय- समय पर चलाया जा रहा है। उन्होंने कोडरमा इलेक्शन मैनेजमेंट एप की विस्तृत जानकारी दी व लोगों को डाउनलोड करने की अपील करते हुए अधिक से अधिक लोगों को इसकी जानकारी देने का आहवान किया।


