कोडरमा में नामांकन कल से: घोलप

कोडरमा: तीसरे चरण में कोडरमा विधानसभा हेतु 16 नवंबर से नामांकन शुरू हो रही है। इस बाबत अनुमंडल कार्यालय में दिन के 11 बजे से 3 बजे तक नामांकन प्रक्रिया की जाएगी। शनिवार को इसे लेकर अधिसूचना जारी का दी जाएगी। उक्त बातें आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रमेश घोलप ने कही। उन्होंने कहा कि नामांकन को लेकर सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
डीसी ने बताया कि 25 नवंबर तक नाम निर्देशन हेतु समय तय है, जबकि 26 नवंबर को स्क्रूटनी, 27 एवं 28 नवंबर को नाम वापसी एवं अगले दिन चुनाव चिह्न आवंटन किया जाएगा। कोडरमा में 12 दिसंबर को वोटिग व 23 को पूरे राज्य में मतगणना होगी। डीसी ने बताया कि मतगणना हेतु कोडरमा-लोकाई रोड में आईटीआई भवन को चिह्नित किया गया है। यहां चुनाव आयोग के निर्देश पर हर जरूरी व्यवस्था बहाल किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि नाम निर्देशन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यालय के 100 मीटर की दूरी तक की उम्मीदवार वाहनों को ला सकते है। कार्यालय के अंदर व बाहर सीसीटीवी कैमरा लगाये गये है। जबकि वीडियोग्राफी दल भी हर एक्टिविटी पर नजर रखेगा। इस दौरान डीडीसी आलोक त्रिवेदी, एसी अनिल तिर्की, एसडीओ विजय वर्मा, उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. शफिल आलम, वाणिज्यकर पदाधिकारी दिलीप मंडल, कार्यपालक अभियंता विनोद कुमार आदि मौजूद थे।
डीसी ने कहा कि चुनाव में व्यवस्था बेहतर रखने के लिए विभिन्न थाना क्षेत्रों से 1011 लोगों को चिह्नित कर धारा 107 के तहत नोटिस जारी की गई है। ऐसे लोगों को बांड डाउन भी करवाया जा रहा है। अनुमंडल स्तर से नोटिस जारी की गई है। वहीं सी-विजील एप से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया गया। अब तक 54 शिकायत मिली, जिसमें 45 शिकायत गलत पाया गया। जबकि 9 शिकायतों में कार्रवाई की गई।
सुरक्षा होगी पुख्ता: एसपी
जिले के पुलिस अधीक्षक तमिल वाणन ने कहा कि कोडरमा के चार स्थानों में इंटर स्टेट चेकपोस्ट बहाल किया जा रहा है, ताकि हर गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा सके। इसमें मेघातरी, सतगांवां दर्शन नाला, बेंदी व गझंडी रेलवे स्टेशन में चेकपोस्ट बनाया जाएगा। एसपी ने कहा कि इंटर स्टेट मिटिग में ऐसे कई निर्णय लिये गये है। अपराध, उग्रवाद व शराब विक्रेताओं की सूचि आदान-प्रदान की जा रही है। जंगलों में देशी शराब बनाने वालों की भी सूची तैयार कर कार्रवाई शुरू की जा रही है। अपराधियों पर नकेल के लिए भी सभी थानों को निर्देश दिया गया है। कहा कि वेलनेरेबल मैपिग वाले इलाकों में लगातार पुलिस अभियान चलाई जा रही है। एसपी ने कहा कि आपात सहायता, वीवीआईपी व स्टार प्रचारकों के लिए जिले के 19 स्थानों को हैलीपैड के लिए चिह्नित किया गया है। एक-एक गतिविध पर पैनी निगाह रखी जाएगी।


