स्कूल मर्ज कर फैलाई जा रही अशिक्षा: सुभाष

कोडरमा: महागठबंधन के राजद प्रत्याशी सुभाष यादव का आज कोडरमा स्थित महतो अहरा में कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। शिव वाटिका झुमरी तिलैया में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार झूठ की सरकार है। रोजगार नहीं देकर मिनरल और मेजर के नाम पर लोगों को छला है। कहा कि वे लोगों की उम्मीद पर कोडरमा आए हैं।
श्री यादव ने कहा कि देश में लोकतंत्र के साथ मजाक और संविधान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि टेंट लगाकर उज्जवला योजना के तहत गैस बांटे जा रहे है और सब्सिडी छिनकर लोगो को बेवकूफ बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आवास योजना में लूट मची है। रघुवर सरकार एक पंचायत में एक स्कूल को रखकर मर्जिंग के नाम पर अशिक्षा फैला रही है। सिंचाई के नाम पर बनाये गए डोभा का हाल बुरा है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में महागठबंधन का जो स्वरूप तय हुआ है, उसमें हाथ में लालटेन लेकर तीर धनुष से रघुवर सरकार पर निशाना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि तीर धनुष उनका पारंपरिक हथियार है और लालटेन उनकी ऐतिहासिक पहलू का एक अहम हिस्सा। कहा कि इस चुनाव को चुनौती के तौर पर ले रहे हैं और इस बार भाजपा सरकार को उखाड़ फेंका जाएगा। मौके पर महावीर यादव, संजय यादव, अशोक सिंह, नगर परिषद उपाध्यक्ष संतोष यादव, मोहन यादव, बैजू यादव, सरफुद्दीन अंसारी, मुन्ना यादव, कुणाल किशोर, विनोद यादव, वीरेंद्र यादव, मोहम्मद सलीम, देवेंद्र यादव व राहुल यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।


