सरकार बनी तो हर घर से एक सदस्य को नौकरी: आरपीएन सिंह

रांची: महाराष्‍ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे से उत्‍साहित कांग्रेस झारखंड चुनाव से पहले बुधवार को राजधानी में अपने अंतिम जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। सियासी गलियारे में इस रैली को कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने इस बाबत भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि पांच सालों में यहां कौन सा काम हुआ, ये जनता को बताने की जरुरत नहीं है।

आरपीएन ने कहा कि मुख्यमंत्री विपक्ष के लिए भद्दी भाषा का इस्तेमाल करते हैं और प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ चुकी है। कहा कि यदि झारखंड में महागठबंधन की सरकार बनती है, तो हर घर के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी, जिन्हें नौकरी नहीं मिलेगी तो बदले में बेरोजगारी भत्ता दी जाएगी। विधानसभा मैदान में आहूत रैली में खासतौर पर गीताश्री उरांव, गीता कोड़ा, ददई दुबे सहित धीरज साहू भी मौजूद रहे। रैली में काफी संख्या में लोग मौजूद थे।

किसानों का कर्ज माफ होगा: रामेश्वर

प्रदेश अध्यक्ष डाॅ रामेश्वर उरांव ने कहा कि पांच साल के रघुवर राज में विकास पूरी तरह से ठप रहा। किसानों का हाल बेहाल हो गया। बेरोजगारी से जनता आक्रोशित है। डाॅ उरांव ने कहा कि यदि महागठबंधन की सरकार बनती है तो किसानों का कर्ज माफ होगा। जिस उद्देश्य हेतु जमीन ली गई, यदि उसका काम पांच साल के अंदर नहीं हुआ तो जमीन वापस कर दिया जाएगा और सभी खाली पड़े सरकारी पद को 6 माह के भीतर भर दिया जाएगा।

किसान कर रहे आत्महत्या: आलमगीर

विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने कहा कि 2014 के चुनाव में बीजेपी ने किसानों की आय बढ़ाने का वादा किया था, लेकिन हालात ये है कि आज किसान यहां आत्महत्या करने को मजबूर हैं। बीजेपी की सरकार ने पारा शिक्षकों को स्थायी करने का वादा किया, लेकिन उनपर लाठीचार्ज किया गया। आंगनबाड़ी सेविका- सहायिकाओं पर भी सरकार ने वैसा ही आचरण किया। यदि हमारी सरकार बनती है तो पारा शिक्षकों और सेविका- सहायिकाओं की मांगों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आहवान किया कि भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए आक्रोश को जिंदा रखना होगा।

ये भी पढ़ें: फडणवीस ने शिवसेना को दिया टका-सा जवाब, पांच साल हम करेंगे सरकार का नेतृत्व

अधिकांश समय भाजपा राज: सुबोधकांत

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि प्रदेश में 20 में से 17 साल भाजपा का राज रहा, लेकिन इसके बावजूद विकास के राह में झारखंड पिछड़ गया। भूख व मॉब लिंचिंग से लोगों की मौत हुई। सीएनटी एक्ट पर हमला किया गया। किसान आत्महत्या करने को मजबूर है। सरकार अपने में मग्न है। सुबोधकांत ने कहा कि अब झारखंड की जनता ने परिवर्तन का मुड बना लिया है। रघुवर सरकार ने भूमि अधिग्रहण बिल के माध्यम से आदिवासी-मूलवासियों की जमीनों को हड़पने का काम किया, लेकिन भाजपा विपक्ष की एकता के समक्ष टिक नहीं सकेगी।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More