वज्र गृह सह डिस्पैच सेंटर का डीसी ने निरीक्षण

देवघर: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नैंसी सहाय ने शुक्रवार को कुमैठा स्टेडियम में बनाये गए वज्रगृह सह डिसपैच सेंटर का औचक निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चुनाव के दौरान इससे किसी भी प्रकार की परेशानी न उत्पन्न हो। लिहाजा ससमय इसे दुरुस्त कर लिया जाए।
श्रीमती सहाय ने स्टेडियम में की गई सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को कई निर्देश दिए। डीसी ने इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया कि यहां सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक व्यवस्था की जाए। खास ध्यान रखा जाए कि विधि-व्यवस्था संधारण में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।
उन्होंने बेरिकेटिंग व सुरक्षा संबंधित सभी तैयारियों को ससमय पूर्ण करने का निर्देश भी दिया है। निरीक्षण के क्रम में की जा रही तैयारियों व व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के क्रम में नैंसी सहाय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि विधानसभा चुनाव, 2019 हेतु कुमैठा स्टेडियम, देवघर में बनाये गये बज्रगृह सह-डिस्पैच सेंटर में पर्याप्त संख्या में अग्निशामक यंत्र, अग्निशमन हेतु अन्य उचित व्यवस्था भी दुरुस्त हो।
मौके पर उप-विकास आयुक्त शैलेंद्र कुमार लाल, अपर समाहर्ता चंद्र भूषण सिंह, अनुमंडल दंडाधिकारी विशाल सागर, प्रशिक्षु आईएएस रवि आनंद, जिला योजना पदाधिकारी राजीव रंजन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी रणवीर सिंह, कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल नागेंद्र नाथ देवनाथ सहित सबंधित पदाधिकारी मौजूद थे।


