एक्सएलआरआइ के सभी छात्रों को समर इंटर्नशिप में मिली सफलता, 114 कंपनियों ने दिए 584 ऑफर

एक्सएलआरआइ जेमशेदपुर ने समर इंटर्नशिप प्लेसमेंट 2025–27 में 100% सफलता दर्ज की। 583 छात्रों को 114 कंपनियों से 584 ऑफर मिले, जिसमें जेपी मॉर्गन ने ₹3.5 लाख प्रतिमाह का सर्वाधिक स्टाइपेंड दिया।

पूर्वी सिंहभूम : एक्सएलआरआइ ने एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट प्लेसमेंट परंपरा को कायम रखते हुए समर इंटर्नशिप प्लेसमेंट (एसआईपी) 2025–27 में शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। इस वर्ष संस्थान के कुल 583 विद्यार्थियों को देश और विदेश की 114 प्रतिष्ठित कंपनियों ने कुल 584 ऑफर दिए हैं। इनमें से 28 कंपनियां पहली बार एक्सएलआरआइ की प्लेसमेंट प्रक्रिया में शामिल हुईं। सर्वाधिक स्टाइपेंड 3.5 लाख रुपये प्रति माह का ऑफर जेपी मॉर्गन ने दिया, जबकि औसत स्टाइपेंड 1.6 लाख रुपये और मीडियन स्टाइपेंड 1.55 लाख रुपये रहा।

संस्थान की ओर से सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 38 प्रतिशत विद्यार्थियों को दो लाख रुपये प्रति माह से अधिक और 81 प्रतिशत विद्यार्थियों को एक लाख रुपये प्रति माह से अधिक का स्टाइपेंड मिला। शीर्ष 5 प्रतिशत विद्यार्थियों का औसत स्टाइपेंड 2.49 लाख रुपये प्रतिमाह दर्ज किया गया। बड़ी संख्या में छात्रों को कंसल्टिंग, फाइनेंस, मार्केटिंग, जनरल मैनेजमेंट, ऑपरेशंस, एनालिटिक्स और एचआर जैसे विविध क्षेत्रों में अवसर प्राप्त हुए।

शीर्ष रिक्रूटर्स में आदित्य बिड़ला समूह, एक्सेंचर स्ट्रैटेजी, अमेज़ॉन, अमेरिकन एक्सप्रेस, बजाज ऑटो और बॉस्टन कंसल्टिंग ग्रुप शामिल रहे। वहीं, नए रिक्रूटर्स में इटर्नल, स्टैंडर्ड चार्टर्ड, जियोस्टार, पाइन लैब्स, मीशो, डेलॉइट यूएसआई, डॉयचे बैंक, डियाजियो और फर्स्टक्लब जैसी कंपनियां रहीं। एचआर डोमेन में एक्सेंचर टैप, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज और वेदांता जैसी कंपनियों ने नियुक्तियां कीं, जबकि कंसल्टिंग क्षेत्र में बीसीजी, मैकिंज़ी, डेलॉइट और ईवाई पार्थेनॉन जैसी वैश्विक कंपनियां शामिल हुईं।

एक्सएलआरआइ के निदेशक एस. जॉर्ज एस.जे. ने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता, उद्योग के बढ़ते विश्वास और नैतिक नेतृत्व निर्माण की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह एक्सएलआरआइ की वर्षों की समृद्ध विरासत और विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच का परिणाम है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More