राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस के जिला स्तरीय कार्यक्रम में 150 से अधिक छात्रों ने दिखाई प्रतिभा

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते अतिथि।
25 स्कूलों के विद्यार्थियों ने विज्ञान और नवाचार पर प्रस्तुत किए शोध, उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मौलिक विचारों को दिया महत्व

रांची: 32वें राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (NCSC)-2026 के तहत जिला स्तरीय शॉर्टलिस्टिंग कार्यक्रम गुरुवार को सेंट जेवियर्स कॉलेज, रांची के भौतिकी विभाग में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन में लगभग 25 स्कूलों के 150 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने शोध एवं नवाचार प्रस्तुत किए।

इस वर्ष राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस की फोकल थीम “सस्टेनेबिलिटी के लिए साइंस और इनोवेशन” रखी गई है। इसके तहत विद्यार्थियों ने पांच प्रमुख विषयों पर अपने शोध और नवाचार प्रस्तुत किए। इनमें अपशिष्ट प्रबंधन, ऊर्जा, जल, खाद्य-कृषि एवं स्वास्थ्य तथा सतत विकास के लिए भारतीय ज्ञान प्रणाली का अनुप्रयोग शामिल है।

आसान सवालों में भी छिपा होता है विज्ञान

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वैज्ञानिक आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विचारों की मौलिकता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का उपयोग केवल सहायक उपकरण के रूप में करना चाहिए। जिज्ञासा, रचनात्मकता और सामाजिक प्रभाव को नवाचार का मूल आधार बताते हुए उन्होंने सवाल पूछने की आदत विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आसान से लगने वाले सवालों में भी गहरी वैज्ञानिक बातें छिपी हो सकती हैं।

कार्यक्रम की चेयरपर्सन, वाइस प्रिंसिपल एवं भौतिकी विभाग की प्रमुख डॉ. स्वरत चौधरी ने इस वर्ष की फोकल थीम और पांचों विषयगत क्षेत्रों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने एआई से तैयार विचारों के बजाय विद्यार्थियों के मौलिक और नवाचारी विषयों पर जोर दिया।

इवेंट मेंटर डॉ. फादर अजय अरुण मिंज एस.जे. ने भी विद्यार्थियों में सवाल पूछने की आदत विकसित करने की बात कही। उन्होंने सर आइजैक न्यूटन का उदाहरण देते हुए वैज्ञानिक जिज्ञासा के महत्व को समझाया।

विशेषज्ञों की टीम ने किया शोध का मूल्यांकन

विद्यार्थियों के शोध कार्यों और नवाचारी विचारों का मूल्यांकन अनुभवी विशेषज्ञों के पैनल ने किया। मूल्यांकनकर्ताओं में डॉ. एन.वी.ए. राव, डॉ. रितेश शुक्ला, डॉ. अनुपमा भार्गव, डॉ. प्रिया श्रीवास्तव, डॉ. रेमन कुमार सिंह, बीआईटी मेसरा के डॉ. किंगशुक बोस, रांची वीमेंस कॉलेज की डॉ. श्रेया पांडे, डॉ. अमृता कुमारी, योगदा सत्संग के डॉ. संतोष सिंह, डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा, डॉ. शिव शंकर प्रसाद और डॉ. राजीव रंजन श्रीवास्तव शामिल थे। चयनित विद्यार्थियों के नाम जिला अकादमिक समन्वयक के माध्यम से राज्य स्तरीय भागीदारी के लिए भेजे जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में जिला अकादमिक समन्वयक एवं सेंट जेवियर्स कॉलेज के भौतिकी विभाग के डॉ. सुमित कुमार रॉय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राज्य समन्वयक डॉ. अतेंद्र कुमार, जिला समन्वयक डॉ. रवि कुमार, डॉ. मितेश चक्रवर्ती, डॉ. राजेश कुमार, स्वागता चक्रवर्ती, अरुणाभ मुखर्जी, राहुल सिंह, राकेश प्रसाद, किरीटी महतो, प्रवीण टोप्पो, बिपिन और अबनेर ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भौतिकी विभाग के छात्र स्वयंसेवकों ने भी समन्वय में अहम भूमिका निभाई।

यह आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More