Ranchi News: किसानों को योजनाओं और सब्सिडी का लाभ पहुंचाएं अधिकारी: कृषि सचिव

रांची में खेत बचाओ अभियान सह राज्य स्तरीय रबी कर्मशाला-2026 का आयोजन।

रांची: पशुपालन भवन, हेसाग में गुरुवार को खेत बचाओ अभियान सह राज्य स्तरीय रबी कर्मशाला-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के सचिव अबु बकर सिद्दीकी पी ने अधिकारियों से किसानों की खुशहाली और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं और सब्सिडी का लाभ वास्तविक रूप से किसानों तक पहुंचना चाहिए।

कृषि सचिव ने जिला स्तरीय पदाधिकारियों को किसानों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यालय तक सीमित न रहें, बल्कि गांवों और खेतों तक पहुंचकर किसानों की जरूरतों को समझें। राज्य सरकार किसानों के हित में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सब्सिडी उपलब्ध करा रही है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि किसानों को इन योजनाओं की पूरी जानकारी मिले और वे उनका अधिकतम लाभ उठा सकें।

खेतों की उर्वरता और कृषि उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर

कृषि सचिव ने बताया कि इस वर्ष की कर्मशाला दो प्रमुख विषयों खेत बचाओ अभियान और रबी कर्मशाला पर केंद्रित है। प्रत्येक वर्ष रबी कर्मशाला में फसल उत्पादकता, फसल सघनता, सिंचाई और बाजार संपर्क जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाती है। इस वर्ष खेतों की उर्वरता एवं स्वास्थ्य बनाए रखने, परती भूमि का बेहतर उपयोग करने, उर्वरकों का सीमित एवं सुरक्षित इस्तेमाल सुनिश्चित करने तथा कृषि उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने सभी जिलों में सिंचाई व्यवस्था से संबंधित अद्यतन आंकड़े तैयार करने का निर्देश दिया। इसके तहत तालाबों, नहरों और अन्य सिंचाई संसाधनों का संशोधित डेटा अपडेट करने तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। उन्होंने फसल उत्पादकता और फसल सघनता बढ़ाने के साथ कृषि उत्पादों के बेहतर विपणन के लिए बाजार संपर्क मजबूत करने की आवश्यकता भी बताई।

परती भूमि के उपयोग और मृदा स्वास्थ्य संरक्षण पर चर्चा

कृषि निदेशक विद्यानंद शर्मा पंकज ने राज्य में परती भूमि का अधिकतम उपयोग करने और उसमें फसल आच्छादन का क्षेत्र विस्तार करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि की जा सकती है। साथ ही, मृदा स्वास्थ्य के संरक्षण और सतत कृषि विकास के लिए रासायनिक उर्वरकों के संतुलित एवं विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता बताई। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कर्मियों से तकनीकी सत्रों में सक्रिय सहभागिता करने और विशेषज्ञों के अनुभवों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

कृषि वैज्ञानिकों ने साझा किए महत्वपूर्ण सुझाव

कार्यक्रम में मृदा निदेशक विकास कुमार, निदेशक समिति के रमाशंकर प्रसाद, गव्य निदेशक संजीव कुमार सहित विभिन्न कृषि वैज्ञानिकों ने भी अपने विचार रखे। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति सीएस दुबे ने कहा कि खेत बचाओ अभियान सह रबी कर्मशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों को भूमि का स्वास्थ्य और उर्वरा शक्ति बनाए रखने के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे बेहतर उत्पादन प्राप्त कर अपनी आय बढ़ा सकें।

उन्होंने भूमि की उर्वरा शक्ति को लंबे समय तक बनाए रखने के उपायों की जानकारी दी। साथ ही कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि उत्पादकता में वृद्धि के साथ भूमि संरक्षण पर भी ध्यान देना जरूरी है।

कार्यक्रम में कृषि विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न जिलों के जिला कृषि पदाधिकारी, कृषि एवं संबद्ध विभागों के मुख्यालय और जिला स्तरीय अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक तथा गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More