अनुसूचित जनजाति मोर्चा की कमिटी ने भाजपा हाईकमान को सौंपी रिपोर्ट

रांची: मंगलवार को लातेहार जिले में बीते 6 मार्च को आदिम जनजाति परिवार के तीन सदस्यों की तेज बारिश से हुई मृत्यु को लेकर जांच रिपोर्ट भाजपा के प्रदेश हाईकमान को सौंपी गयी। इस घटना के बाद भाजपा की अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने एक जांच कमिटी का गठन किया था। रामकुमार पाहन के नेतृत्व में मृतकों के गाँव का दौरा कर वस्तुस्थिति की जानकारी लेकर जांच रिपोर्ट तैयार किया।
इस घटना की जांच रिपोर्ट रामकुमार पाहन ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, एवं संगठन मंत्री धर्मपाल से मुलाकात कर सौंपी। इस दौरान मोर्चा के अध्यक्ष रामकुमार पाहन ने बताया कि आदिम जनजाति परिवार के तीन सदस्य बारिश के तेज बहाव में बह गये थे। प्रशासन की उदासीनता और लापरवाही के कारण इस घटना पर कोई कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों के आग्रह किये जाने के बावजूद प्रशासन ने इसपर कोई संज्ञान नही लिया। अंततः ग्रामीणों ने अपने प्रयास से शवों को ख़ाक किया। इसके आगे पाहन ने बताया कि आज तक मृतकों के परिजनों को न तो कोई मुआवजा प्राप्त हुआ और न ही परिवार के किसी सदस्य को सरकारी नौकरी मिली। उन्होंने कहा कि मृतक का गांव सरयू एक्शन प्लान के अंतर्गत आता है। मगर, आज तक यह गांव विकास से कोसों दूर है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि मृतक के परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों का राशन कार्ड आजतक नहीं बन पाया।
प्रतिनिधिमंडल में मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रामकुमार पाहन, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक बड़ाईक, अशेष बारला, बिंदेश्वर उराँव, अवधेश सिंह चेरो, अनु लकड़ा, रवि मुंडा आदि शामिल हुए।


