प्रशिक्षण में गैर हाजिर रहे पीठासीन पदाधिकारियों पर प्राथमिकी का निर्देश
लातेहार : झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर गुरुवार को लातेहार में पीठासीन पदाधिकारियों का प्रशिक्षण हुआ. इस प्रशिक्षण कार्य में अनुपस्थित रहे पीठासिन अधिकारियों के खिलाफ उपायुक्त ने प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश कोषांग पदाधिकारी को दिया. बालक एवं बालिका उच्च विद्यालय में आयोजित इस प्रशिक्षण के दौरान निरीक्षण करने पहुंचे उपायुक्त जिशान कमर ने चुनाव कार्य की जिम्मेवारी निभाने को कहा.
इस मौके पर उप विकास आयुक्त माधवी मिश्रा, अपर समहर्ता आलोक शिकारी कच्छप, उप निर्वाचन अधिकारी बंधन लांग, जिला भू अर्जन अधिकारी जोसेफ कंडुलना एवं सांख्यिकी पदाधिकारी एस राय मौजूद थे.
उपायुक्त ने पीडब्ल्यूडी कोषांग की समीक्षा के दौरान कहा कि जिले में एक भी मतदाता मतदान से वंचित नहीं रहे, यह सुनिश्चित करना है. दिव्यांग मतदाताओं के लिए हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराने को कहा. दिव्यांग वोटरों को बूथ पर पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दी गयी.


