झारखंड में परिवर्तन होगा तो यह राज्य और उन्नति की ओर बढ़ेगा: मिथुन चक्रवर्ती

जामताड़ा: झारखंड में दुसरे चरण के विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए आज शनिवार को बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती का झारखंड आगमन हुआ. उन्होंने नाला विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी माधव चंद्र महतो के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया. इस दौरान उनको देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. मिथुन चक्रवर्ती ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड में बदलाव की जरूरत है. इसके लिए भाजपा प्रत्याशी माधव चंद्र महतो को भारी मतों से जिताना होगा.
उन्होंने इस दौरान कहा, “झारखंड में परिवर्तन होगा तो यह राज्य और उन्नति की ओर बढ़ेगा.” मिथुन चक्रवर्ती ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में लोग उनका समर्थन करने पहुंचे हैं, यह उनके लिए गर्व की बात है. बता दें कि भाजपा के प्रत्याशी माधव चंद्र महतो का मुकाबला झामुमो के वर्तमान विधायक और झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो से है.


