कॉलेज परिसर में मनरेगा के तहत बकरी शेड निर्माण मामला जिला स्तरीय सुनवाई के लिए अग्रेसित

रानीश्वर (दुमका) : मयूराक्षी ग्रामीण डिग्री कॉलेज की चहारदीवारी के अंदर मनरेगा के तहत बकरी शेड निर्माण कार्य की प्रखंड स्तरीय सुनवाई में क्रियान्वयन एजेंसी एवं प्रखंड प्रशासन के द्बारा संतोषजनक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया, जिसको लेकर अंकेक्षण दल एवं ज्यूरी द्वारा जिला स्तरीय जनसुनवाई में मामले को भेजने का प्रस्ताव पारित किया गया है। कॉलेज परिसर में चहारदीवारी के अंदर बकरी शेड निर्माण कराने को लेकर तत्कालीन मनरेगा आयुक्त केएन त्रिपाठी के आदेश पर जिला स्तर से कई बार जांच कराया गयी थी। सामाजिक अंकेक्षण दल के विशेषज्ञ सह पूर्व लोकपाल रामजीवन अहड़ी ने बताया है कि इस मामले में पूर्व मुखिया, रोजगार सेवक एवं पंचायत सचिव को चयन में गड़बड़ी को लेकर प्रशासनिक एवं दंडात्मक करवाई के साथ जुर्माना हो सकता है।



