- झारखंड विरोधी है महागठबंधन
चाईबासा: सिंहभूम सीट से भाजपा प्रत्याशी सह प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ के सोमवार को जिला निवार्चन पदाधिकारी सह डीसी के समक्ष अपना नामांकन पर्चा दाखिल किया। इस मौके पर खास तौर पर मुख्यमंत्री रघुवर दास, झारखंड भाजपा प्रभारी मंगल पांडेय व झामुमो के बागी विधायक जेपी पटेल शामिल हुये। सीएम ने इस बाबत महागठबंधन पर तीखा हमला करते हुये कहा कि ये सभी झारखंड विरोधी हैं।
इससे पूर्व चाईबासा की सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य जुलूस निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान पूरा शहर भगवा झंडे से पटा दिखा व हर तरफ मैं भी हूं चौकीदार वाली टोपी पहने कार्यकर्ता नजर आ रहे थे। चाईबासा के गांधी मैदान में आहूत सभा में सीएम ने कहा कि शिबू सोरेन ने नरसिम्हा राव की सरकार को बचाने के एवज में कांग्रेस से दो करोड़ रुपये लिये थे, जबकि राजद ने अपनी लाश पर झारखंड बनाने की घोषणा की थी। आज यही तीनों एकजुट हो गए हैं।
रघुवर दास ने कांग्रेस, झामुमो व राजद पर जमकर निशाना साधा, कहा कि तीनों का गठबंधन झारखंड विरोधी हैं। वंशवाद व परिवारवाद पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि तीनों पार्टी लोकतंत्र के बजाय परिवारवाद व वंशवाद को बढ़ावा देती है। इस बार का चुनाव वंशवाद बनाम लोकतंत्र के बीच है।