Bokaro News: बीएसएल में ‘अनुकृति’ पहल के तहत दो दिवसीय एलईओ कार्यशाला का आयोजन

बीएसएल की दो दिवसीय एलईओ कार्यशाला में शामिल विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि।

बोकारो: बोकारो इस्पात संयंत्र द्वारा सेक्टर-4 स्थित मंगलम हॉल में ‘ड्राइविंग एक्सीलेंस इन ट्रैफिक एंड रेलवे लॉजिस्टिक्स थ्रू शेयर्ड लर्निंग, बेस्ट प्रैक्टिसेज एंड डिजिटल इनोवेशन’ विषय पर दो दिवसीय एलईओ (लर्न फ्रॉम ईच अदर) कार्यशाला ‘अनुकृति’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य ट्रैफिक प्रबंधन एवं रेलवे लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में विभिन्न इस्पात संयंत्रों और औद्योगिक संस्थानों के अनुभवों, नवाचारों एवं उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों को साझा करना तथा आपसी संवाद एवं सहयोग के माध्यम से परिचालन दक्षता को और मजबूत करना था।

कार्यशाला का उद्घाटन बीएसएल के निदेशक प्रभारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर संयंत्र के अधिशासी निदेशक, मुख्य महाप्रबंधक, संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न इस्पात संयंत्रों एवं सहभागी संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यशाला के सफल आयोजन में मुख्य महाप्रबंधक (ट्रैफिक एंड रॉ मटेरियल) का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन एवं समन्वय में कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

कार्यशाला में सेल की विभिन्न इकाइयों एवं विभागों, जिनमें भिलाई, राउरकेला, दुर्गापुर एवं इस्को इस्पात संयंत्र, एसएसओ, सीईटी, एमटीआई, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन तथा एलएंडआई के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त, जेएसडब्ल्यू विजयनगर, टाटा स्टील जमशेदपुर, टाटा स्टील कलिंगानगर एवं एनएमडीसी के प्रतिनिधियों तथा राइट्स और मैकिन्से के विशेषज्ञों की सहभागिता ने इसे विभिन्न औद्योगिक संस्थानों के अनुभवों एवं विशेषज्ञता के आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया।

दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान आयोजित तकनीकी सत्रों में प्रतिभागियों ने ट्रैफिक प्रबंधन एवं रेलवे लॉजिस्टिक्स से जुड़ी अपनी कार्यप्रणालियों, परिचालन अनुभवों, चुनौतियों तथा सुधारात्मक पहलों पर विस्तृत प्रस्तुतियां दीं। इन सत्रों में तकनीकी हस्तक्षेप, डिजिटल नवाचार, संसाधनों के अनुकूलतम उपयोग तथा लॉजिस्टिक्स प्रबंधन में अपनाई जा रही उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों पर विशेष चर्चा हुई। वहीं, राइट्स एवं मैकिन्से के विशेषज्ञों ने लॉजिस्टिक्स दक्षता बढ़ाने, परिचालन प्रदर्शन को बेहतर बनाने तथा उभरती तकनीकों के प्रभावी उपयोग की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए।

कार्यशाला के समापन सत्र में अधिशासी निदेशक (संकार्य) की उपस्थिति में सहायक महाप्रबंधक (ट्रैफिक एंड रॉ मटेरियल) ने ‘वर्कशॉप टेकअवे’ विषय पर प्रस्तुति दी। इसमें कार्यशाला के दौरान हुए विचार-विमर्श, साझा अनुभवों एवं तकनीकी सत्रों से प्राप्त प्रमुख निष्कर्षों को रेखांकित किया गया।

इस कार्यशाला का आयोजन बीएसएल के ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग तथा ट्रैफिक एंड रॉ मटेरियल विभाग के संयुक्त समन्वय से किया गया। ‘अनुकृति’ पहल विभिन्न संस्थानों के बीच आपसी सीख, उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान, अंतर-संस्थागत सहयोग एवं सामूहिक समस्या समाधान को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल साबित हुई।

लेखक के बारे में

By निर्मल महाराज

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More