जस्ट ट्रांजिशन टास्क फोर्स के टेक्निकल पार्टनर के रूप में सीड की नियुक्ति

सस्टेनेबल जस्ट ट्रांजिशन के रोडमैप निर्माण और स्टेकहोल्डर्स के साथ समन्वय में मदद प्रदान करेगा सीड
रांची : झारखंड सरकार द्वारा गठित सस्टेनेबल जस्ट ट्रांजिशन टास्क फोर्स ने आज सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट (सीड) को अपने उद्देश्यों एवं नियमित कार्यों में सहायता प्रदान करने के लिए टेक्निकल एवं नॉलेज पार्टनर के रूप में नियुक्त किया। टास्क फोर्स द्वारा अपने टर्म ऑफ़ रेफेरेंस के मसौदे पर चर्चा के लिए आज विभिन्न अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ दूसरी अंतर विभागीय बैठक आयोजित की गयी थी, इसी दौरान उनकी उपस्थिति और सहमति से एक सहमति.पत्र पर झारखंड सरकार की ओर से टास्क फोर्स के अध्यक्ष एके रस्तोगी ने एवं सीड के चीफ एक्जीक्यूटिव ऑफिसर रमापति कुमार ने हस्ताक्षर किए।
बैठक को सम्बोधित करते हुए सस्टेनेबल जस्ट ट्रांजिशन टास्क फोर्स के अध्यक्ष एके रस्तोगी ने कहा कि सततशील पर्यावरण और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में सेंटर फॉर एनवायरनमेंट एंड एनर्जी डेवलपमेंट की राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान है और झारखंड में तकनीकी एवं विशेषज्ञ क्षमता के साथ इस संस्था की सक्रिय उपस्थिति रही है। टास्क फोर्स के नियमित कामकाज, नॉलेज मैनेजमेंट, कंसल्टेशन के आयोजन एवं शोध.अध्ययन में समन्वय और स्टेकहोल्डर्स की कैपेसिटी बिल्डिंग एवं उनके बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान में सहायता के लिए सीड को साथ जोड़ कर हमें ख़ुशी हो रही है। उन्होंने आगे कहा कि मुझे उम्मीद है कि सीड सस्टेनेबल जस्ट ट्रांजिशन के क्षेत्र में पूरी प्रतिबद्धता के साथ टास्क फोर्स के घोषित लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा।
सीड के सीईओ रमापति कुमार ने इस अवसर पर कहा कि यह वास्तव में हमारे लिए गर्व और खुशी का क्षण है और हम टास्क फोर्स को उसके उद्देश्यों को प्राप्त करने में सहायता करने के लिए उत्साहित हैं। सीड तकनीकी विशेषज्ञता और भविष्योन्मुखी दृष्टिकोण के साथ इन अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करेगा। सीड झारखंड के सततशील विकास के लक्ष्यों की दिशा में प्रमुख विभागों एवं एजेंसियों के लिए कई वर्षों से काम करता रहा है और इस क्रम में एनर्जी ट्रांज़िशन रोडमैप, क्लीन एयर एक्शन प्लान और सस्टेनेबिलिटी रिपोर्ट आदि कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय मदद प्रदान की है। मुझे उम्मीद है कि टास्क फोर्स महत्वपूर्ण कार्यों के जरिए जस्ट ट्रांजिशन के क्षेत्र में अन्य राज्यों के लिए ठोस उदाहरण पेश करके नए मानदंड स्थापित करेगा।
झारखंड में सस्टेनेबल जस्ट ट्रांजिशन को गति देने के लिए टास्क फोर्स का मुख्य उद्देश्य है, जीवाश्म ईंधन पर आधारित मॉडल से अलग स्वच्छ ऊर्जा तंत्र के निर्माण एवं हरित अर्थव्यवस्था में बदलाव के प्रभावों का अध्ययन करना, कोयला खदानों, जीवाश्म ईंधन उद्योगों के चरणबद्ध ढंग से कम होने के समग्र प्रभाव खासकर अर्थव्यवस्था, श्रमिकों और समुदायों पर इसके प्रभाव का आकलन करना, प्रमुख हरित क्षेत्रों और इनके ठोस वित्तपोषण में नए अवसरों की पहचान करना और कार्बन न्यूट्रल इकोनॉमी के लिए सेक्टोरल स्तर पर नीतिगत हस्तक्षेप की सिफारिश करना आदि।




