अगर कोई टॉम, डिक या हैरी मेरे खिलाफ केस दर्ज करता है तो मुझे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है : तेजस्वी यादव

पटना : राष्ट्रीय जनता दल के नेता व बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने एक ऐसा बयान दिया है जिस पर विवाद उठ खड़ा हो सकता है। उन्होंने खुद पर मामला दर्ज करने के लिए एक अदालती आदेश के बाद पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि अगर कोई टॉम, डिक या हैरी मेरे खिलाफ मामला दर्ज करता है तो इससे मुझ पर कोई फर्क नहीं पड़ता है। लेकिन, सवाल यह है कि शिकायतकर्ता को पांच करोड़ रुपये कहां से मिले।

तेजस्वी यादव पर चुनावी टिकट के बदले के कथित रूप से पैसे लेने का आरोप लगा है और अदालत ने उनके खिलाफ इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया है। यह मामला 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान का है।

संजीव कुमार सिंह नामक शख्स ने आरोप लगाया है कि वे कांग्रेस से जुड़े हैं और 2019 में लोकसभा चुनाव में भागलपुर सीट से टिकट चाहते थे। टिकट दिलाने के बहाने उनसे ठगी की गयी। उन्होंने तेजस्वी की बड़ी बहन मीसा भारती, दिवंगत कांग्रेस नेता सदानंद सिंह व उनके बेटे शुभानंद मुकेश, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, प्रवक्ता राजेश राठौर पर ठगी का आरोप लगाया है।

अदालत ने संजीव कुमार सिंह की याचिका के आधार पर पटना के एसएसपी को कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज करने व जांच करने का आदेश दिया है। यह आदेश मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विजय कुमार सिंह की अदालत से जारी किया गया है।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More