राष्ट्रपति चुनाव : एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करेगी सुभासपा

लखनऊ : राष्ट्रपति चुनाव में राजग की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने समर्थन देने की घोषणा की है। सुहेलदेव भारत समाज पार्टी (सुभासपा) के उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल छः विधायक हैं। समर्थन देने की घोषणा के बाद अब उत्तर प्रदेश विधान सभा में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) की अगुवाई वाले गठबंधन दरार पैदा के संकेत मिलने लगे हैं।
सुभासपा के अध्यक्ष ओपी राजभर ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में सुभासपा द्रौपदी मुर्मू को वोट करेगी, क्योंकि विपक्ष के उम्मीदवार ने सुभासपा से समर्थन नहीं मांगा है। उन्होंने कहा मुझे 08 जुलाई को सीएम योगी द्वारा आयोजित रात्रिभोज में आमंत्रित किया गया था, जहां द्रौपदी मुर्मू से मेरी बात हुई थी और उन्होने कहा था की मैं अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए संघर्ष कर रहा हूं और वह स्वयं भी इसी वर्ग से आती हैं। इसलिये उनके अनुरोध पर हमने उन्हें समर्थन देने का फैसला किया है।
राजभर ने यह भी कहा कि राजग को समर्थन देने के बावजूूद उनकी पार्टी विपक्षी दलों के गठबंधन का हिस्सा है। साथ ही उन्होंने यह भी खुलासा किया कि राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन के मुद्दे पर उनके पास केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का फोन आया था और उन्हाेंने भी समाज के सबसे पिछड़े तबके के लिए संघर्ष कर रही सुभासपा से मुर्मू के लिए समर्थन मांगा। राजभर ने कहा कि इस मुद्दे पर उनकी दिल्ली में शाह से मुलाकात भी हो चुकी है।
इधर, सुभासपा के टिकट पर विधायक बने मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी का समर्थन मुर्मू काे दिये जाने के सवाल पर राजभर ने कहा कि वह सुभासपा के विधायक हैं और वह भी द्रौपदी मुर्मू जी को वोट करेंगे। इस बारे में उनसे बात हो गयी है। उन्होंने कहा कि सुभासपा के विधायकों का समर्थन मुर्मू को देने के फैसले से उन्होंने मुख्यमंत्री योगी और गृह मंत्री अमित शाह को अवगत करा दिया है।




