#CoronaLockdown नीतीश सरकार ने बिहार के प्रवासी मजदूरों के सूबे में प्रवेश पर लगायी रोक

पटना: बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने कोरोना लाॅकडाउन के बीच दिल्ली व अन्य प्रदेशों से आने वाले बिहार के प्रवासी श्रमिकों के सूबों में प्रवेश पर रोक लगा दी है. राज्य सरकार ने ऐसा फैसला कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लिया है और इसके पीछे हालात के विस्फोटक नहीं होने देने का तर्क दिया है. नीतीश सरकार के सीनियर मिनिस्टर संजय झा ने कहा है कि लाॅकडाउन इसलिए किया गया है ताकि कोरोना वायरस न फैले. अगल लोग एक राज्य से दूसरे राज्य आते रहेंगे तो इसके संक्रमण के फैलने का खतरा बढ जाएगा.
बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने कहा है कि लाॅकडाउन का मतलब लाॅकडाउन ही होता है, ऐसे में लोगों का बिहार पहुंचने का सिलसिला जारी रहना दुर्भाग्यपूर्ण है, जो यहां पहुंच रहे हैं उनके लिए हमने तैयारी कर ली है.
सरकार ने तय किया है कि उन्हें प्रदेश की सीमा पर ही 14 दिन के लिए आइसोलेट करके रखा जाएगा. आज यूपी से आठ बसों से गोपालगंज प्रवेश करने वाले सैकड़ों लोगों को आपदा शिविर में रखा गया. जो लोग पैदल, घोड़ा गाड़ी, साइकिल या जुगाड़ गाड़ी जिस माध्यम से भी आ रहे हैं, सबों को शिविर में भर्ती कराया जा रहा है.
दिल्ली से उत्तरप्रदेश होकर बिहार में प्रवेश करने की कोशिश करने वाले प्रवासियों को आज यूपी-बिहार सीमा पर ही रोक दिया गया.
बिहार के गृह सचिव अमीर सुब्हानी ने कहा है कि इस लाॅकडाउन को आखिरी तारीख तक हम सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं. इस दौरान बिहार में किसी को आने की इजाजत नहीं होगी. उन्होंने कहा कि बार्डर पर कुछ लोग पहुंचे हैं व और लोग आने वाले हैं, हमने उनके लिए वहीं सारी व्यवस्था करायी है. इलाज भी वहीं कराया जाएगा.
इसके साथ ही बिहार सरकार ने जनता करफयू से पहले 20 व 21 मार्च को बिहार आने वालों की फिर से स्क्रीनिंग शुरू की है.
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे ने आज इमरजेंसी रिस्पांस टीम के साथ एक बैठक की जिसमें यह तय किया गया कि बिहार आने वाले सभी लोगों के लिए बाॅर्डर पर ही व्यवस्था होगी. साथ ही उनकी स्क्रीनिंग करायी जाएगी.




