अयोध्या से जनकपुर तक सड़क का हो रहा निर्माण, एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा आरा : नितिन गडकरी

आरा : बिहार में आरा लोकसभा सीट से भाजपा सांसद और केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आर के सिंह की पहल पर पूर्वी रेलवे गुमटी आरा के निकट रेलवे क्रॉसिंग पर 97 करोड़ रुपये की लागत से बन कर तैयार हुए रेल ओवर ब्रिज का शनिवार को भारत सरकार के सड़क परिवहन और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया और नागरिकों के लिए इस आरओबी को समर्पित किया।


रेल ओवर ब्रिज के उद्घाटन के अवसर पर आरा रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित भव्य समारोह के मौके पर आरा के सांसद आर के सिंह ने सड़क परिवहन और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का भोजपुर जिला वासियों की तरफ से स्वागत और अभिनन्दन किया। समारोह में बिहार के उप मुख्यमंत्री तार किशोर प्रसादएराज्य के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन आदि वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े हुए थे।


उद्घाटन के दौरान आरा के नागरिकों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि आरा के चारों तरफ फोरलेन का जाल बिछाया जा रहा है।राम जानकी सड़क मार्ग भी आरा से होकर गुजरेगी और भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या से लेकर माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर तक के लिए सड़क का निर्माण किया जा रहा है।


उन्होंने कहा कि गाजीपुर आरा पटना एक्सप्रेसवे का निर्माण होने वाला है और इससे आरा के विकास को रफ्तार मिलेगी।बक्सर से पटना के बीच फोर लेन और एक्सप्रेस.वे के निर्माण से इन इलाकों में स्मार्ट सीटी बनने का मार्ग प्रशस्त होगा और रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आर के सिंह अगर कुछ अलग से भी बाकी बचे कार्यो की मांग करेंगे तो आरा की सड़कों के विकास के लिए दस बीस हजार करोड़ रुपये कभी भी दे देंगे। गडकरी ने बिहार और देश मे राष्ट्रीय राजमार्गो के विकास के आंकड़े गिनाए और कहा कि आने वाले तीन साल में बिहार और देश की तस्वीर बदल जाएगी।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More