कोरोना के खतरे के मद्देनजर बिहार व झारखंड में 31 मार्च तक लाॅक डाउन का एलान

पटना/रांची : कोराना वायरस के खतरे के मद्देनजर बिहार और झारखंड की राज्य सरकारों ने आज 31 मार्च तक पूरे राज्य में लाॅक डाउन यानी बंदी का एलान कर दिया. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक उच्च स्तरीय बैठक कर इस संबंध में निर्णय लिया.

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य को बंद करने को लेकर एक संदेश भी राज्य वासियों के नाम से जारी किया और कहा कि सरकार पूरी तरह से जनता के साथ है और आवश्यक व अनिवार्य सेवाओं में किसी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी. हालांकि इस दौरान सामान्य रूप से घरों से बाहर निकलने पर प्रतिबंध रहेगा.

वहीं, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, खाद्य आपूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण सिंह सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की. अफसरों व कर्मचारियों को मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया है. उन्हें कहा गया है कि जरूरत के हिसाब से कार्यालय आना होगा. वहीं, केंद्र सरकार ने देश के वैसे 75 जिलों में लाॅक डाउन का एलान किया है, जहां एक भी कोरोना मरीज मिला है.

लाॅक डाउन के बारे में जानिए

लाॅक डाउन एक प्रकार की इमरजेंसी व्यवस्था है. ऐसा किए जाने पर उस इलाके के लोगों का बाहर निकलने पर रोक लग जाता है. सिर्फ जीवन के लिए आवश्यक वस्तुओं के लिए बाहर निकलने की अनुमति होती है. किसी को अनाज या दवा की जरूरत है तो घर से निकल सकता है. अस्पताल या बैंक के काम से व्यक्ति बाहर जा सकता है. छोटे बच्चों एवं बुजुर्गाें के कामकाज से भी बाहर निकलने की अनुमति होती है.

लाॅक डाउन किसी भी तरह के खतरे से बचाने के लिए किया जाता है. अभी जैसे कोरोना वायरस के संक्रमण का खतरा है तो लोगों की आवाजाही को, परस्पर मेल-जोल को न्यूनतम करने के लिए लाॅक डाउन किया गया है, ताकि वायरस के फैलाव नहीं हो.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More