पदक विजेता तीरंदाजों को किया सम्मानित
रांची/चाईबासा/चंदनकियारी: पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग झारखंड सरकार की ओर से चाईबासा पुलिस लाइन मैदान में आहूत राज्यस्तरीय विद्यालय तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर 15 पदक जीत कर बोकारो का नाम रोशन किया। मंगलवार को खेल मंत्री अमर बाउरी ने इन्हें सम्मानित करते हुए कहा कि चंदनकियारी में निदेशालय, झारखंड सरकार द्वारा संचालित विशिष्ट प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ बहुत जल्द होगा।
इस प्रशिक्षण केंद्र में खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। बाउरी ने इस मौके पर पदक विजेता तीरंदाज अन्नु सिंह, किरण प्रभा महतो, गुड्डू कुमारी, हेमंत कुमारी, संजना कुमारी, खुशबू कुमारी, रौनक परवीन, संगीता कुमारी, अनुश्री डे, पूनम कुमारी, गोल्डी मिश्रा, प्रेम प्रमाणिक के अलावा प्रशिक्षक करण कुमार कर्मकार, महेंद्र करमाली व टीम मैनेजर प्रतिभा कुमारी को सम्मानित किया। खेल मंत्री ने इन्हें भरपूर मदद का आश्वासन भी दिया।
टीम के कोच करण कुमार कर्मकार व महेंद्र करमाली ने बताया कि खेल मंत्री अमर कुमार बाउरी ने चंदनकियारी सहित पूरे राज्य में खेल के प्रति युवाओं को जागरूक किया है। यहां डे-बोर्डिंग शुरू होने के बाद खिलाड़ियों का और बेहतर प्रशिक्षण संभव हो सकेगा। जिसके बाद स्थानीय खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक हासिल करेंगे।